विटामिन-सी लगाने का बेस्ट टाइम क्या है? ग्लोइंग स्किन के लिए जान लें 10 बातें

चमकती, बेदाग और जवां त्वचा पाने के लिए आज विटामिन-सी किसी जादुई स्किनकेयर इंग्रीडिएंट से कम नहीं है। एक पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट होने के कारण, यह न सिर्फ चेहरे की रंगत निखारता है, बल्कि उम्र के निशानों को भी रोकता है। यही वजह है कि यह आजकल हर किसी के स्किन केयर रूटीन का एक अहम हिस्सा बन चुका है।
लेकिन ठहरिए! क्या आप जानते हैं कि बिना सही जानकारी के इसका गलत इस्तेमाल आपकी त्वचा को फायदे की जगह नुकसान भी पहुंचा सकता है? अगर आप भी अपने चेहरे पर विटामिन-सी सीरम का इस्तेमाल करने जा रहे हैं, तो शुरुआत करने से पहले डॉ. चांदनी जैन गुप्ता (डर्मेटोलॉजिस्ट एंड एस्थेटिक फिजिशियन, इलांटिस हेल्थकेयर न्यू दिल्ली) से 10 जरूरी सवालों के जवाब जान लीजिए।
विटामिन-सी त्वचा के लिए असल में क्या काम करता है?
विटामिन-सी एक पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट है, जो प्रदूषण और सूरज की यूवी किरणों से होने वाले नुकसान से त्वचा को बचाता है। यह त्वचा में कोलेजन प्रोडक्शन को बढ़ाता है, जिससे चेहरे पर कसावट आती है और बारीक रेखाएं कम होती हैं। यह रंगत को साफ करने और त्वचा को स्वस्थ व चमकदार बनाने में मदद करता है।
विटामिन-सी के साथ किन चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है?
विटामिन-सी को हयालूरोनिक एसिड के साथ इस्तेमाल करना बेहतरीन होता है, क्योंकि यह त्वचा को हाइड्रेटेड रखता है। सनस्क्रीन के साथ इसका तालमेल त्वचा को धूप से दोगुनी सुरक्षा देता है। हालांकि, इसे स्ट्रॉन्ग एसिड्स, जैसे- AHA/BHA या बेंजॉयल पेरोक्साइड के साथ एक ही समय पर लगाने से बचें, क्योंकि इससे जलन हो सकती है।
क्या विटामिन-सी से मुंहासे हो सकते हैं?
आमतौर पर विटामिन-सी से मुंहासे नहीं होते। लेकिन अगर सीरम का फॉर्मूलेशन बहुत ऑयली है या इसमें ऐसे तत्व हैं जो पोर्स को बंद कर देते हैं, तो मुंहासे निकल सकते हैं। ऑयली स्किन वालों को हमेशा वॉटर-बेस्ड और नॉन-कोमेडोजेनिक सीरम चुनना चाहिए।
विटामिन-सी सीरम का कितना प्रतिशत सही है?
बेहतर नतीजों के लिए 10% से 20% की कॉन्सनट्रेशन सबसे अच्छी मानी जाती है। अगर आप शुरुआत कर रहे हैं या आपकी त्वचा सेंसिटिव है, तो 10% से शुरू करना सुरक्षित रहता है। 20% से ज्यादा मात्रा त्वचा में जलन या रेडनेस पैदा कर सकती है।
अपनी त्वचा के लिए सही सीरम कैसे चुनें?
हमेशा स्टेबल फॉर्मूला चुनें, जैसे L-ascorbic acid। ध्यान रखें कि सीरम की बोतल गहरे रंग की और एयरटाइट हो, क्योंकि रोशनी और हवा के संपर्क में आने पर विटामिन-सी ऑक्सीडाइज हो जाता है। विटामिन-ई या फेरुलिक एसिड वाला सीरम ज्यादा असरदार होते हैं। अगर आपका विटामिन-सी सीरम गहरे पीले या भूरे रंग का हो गया है, तो इसका मतलब है कि वह ऑक्सीडाइज हो चुका है। इसे इस्तेमाल न करें, क्योंकि यह त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है।
परिणाम दिखने में कितना समय लगता है?
त्वचा पर असर दिखने में आमतौर पर 4 से 8 हफ्ते का समय लगता है। चमक और बेहतर स्किन टोन जैसे शुरुआती फायदे कुछ हफ्तों में दिख सकते हैं, लेकिन झुर्रियों और बारीक रेखाओं में सुधार के लिए लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल जरूरी है।
इसे सुबह लगाना चाहिए या रात में?
विटामिन-सी का इस्तेमाल सुबह करना सबसे ज्यादा फायदेमंद है। यह दिन भर पर्यावरण के हानिकारक तत्वों और प्रदूषण से आपकी ढाल बनकर रक्षा करता है। इसे लगाने के बाद सनस्क्रीन लगाना कभी न भूलें।
क्या यह मुंहासों के दाग और पिगमेंटेशन में मदद करता है?
हां, विटामिन-सी मेलेनिन प्रोडक्शन को कम करता है, जिससे काले धब्बे और पुराने दाग-धब्बे धीरे-धीरे हल्के होने लगते हैं। यह त्वचा की रंगत को एकसमान बनाने में बहुत असरदार है।
क्या विटामिन-सी और रेटिनोल का साथ में इस्तेमाल कर सकते हैं?
इन दोनों को एक साथ मिलाने से बचें। सबसे अच्छा तरीका यह है कि विटामिन-सी सुबह लगाएं और रेटिनोल रात में। इससे त्वचा को दोनों के फायदे मिलेंगे और जलन का खतरा भी कम होगा।
क्या संवेदनशील त्वचा के लिए सुरक्षित है?
सेंसिटिव स्किन वाले इसका इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन सावधानी के साथ। कम कॉन्सनट्रेशन वाले सीरम से शुरुआत करें और इसे लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर जलन या ज्यादा रेडनेस महसूस हो, तो तुरंत इस्तेमाल बंद कर दें।





