विंबलडन में पुरुषों का फाइनल मुकाबला सर्बिया के नोवाक जोकोविच और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के बीच होगा

विंबलडन का फाइनल (पुरुष) मुकाबला रविवार को सर्बिया के नोवाक जोकोविच और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के बीच होगा. यह मुकाबला शाम 6.30 बजे शुरू होगा. फेडरर ने 8 बार इस टूर्नामेंट का फाइनल जीता है, जबकि 3 बार उपविजेता रहे हैं. वहीं, जोकोविक इससे पहले 5 बार 2011, 2013, 2014, 2015 और 2018 में फाइनल खेल चुके हैं, जिसमें सिर्फ एक बार 2013 में उन्हें हार मिली थी. फेडरर ने अब तक रिकॉर्ड 20 सिंगल्स ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं, जबकि जोकोविच के नाम 15 खिताब हैं.
सेमीफाइनल में बॉतिस्ता और नडाल हारे
दोनों खिलाड़ियों ने शुक्रवार को स्पेनिश खिलाड़ियों को मात दी थी. जोकोविक ने रोबटरे बॉतिस्ता अगुट को मात दे छठी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया. वहीं, फेडरर ने स्पेन के ही राफेल नडाल को हरा 12वीं बार फाइनल में जगह बनाई. जोकोविक ने सेंटर कोर्ट पर खेले गए पहले सेमीफाइनल में स्पेनिश खिलाड़ी को दो घंटे 48 मिनट तक चले मैच में 6-2, 4-6, 6-3, 6-2 से हराया था. दूसरे सेमीफाइनल में रोजर फेडरर ने राफेल नडाल को 7-6(7-3), 1-6, 6-3, 6-4 से मात दी. यह मैच तीन घंटे दो मिनट तक चला था.
सेरेना को हराकर हालेप बनीं चैम्पियन
रोमानिया की टेनिस खिलाड़ी सिमोना हालेप ने विंबलडन के फाइनल में शनिवार को अमेरिका की सेरेना विलियम्स को हराया. हालेप ने 24वें ग्रैंड स्लैम के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहीं सेरेना को 6-2, 6-2 से हराते हुए अपना पहला विंबलडन और कुल दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था.





