वापसी पर चमके स्टोक्स, टेस्ट में 250 विकेट किए पूरे

अनुशासनात्मक कारणों से दूसरे टेस्ट से बाहर किए गए इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन अपनी चमक बिखेरी। पहले दिन लाथम (151) और कान्वे (157) के शतकों से भारी पड़ी न्यूजीलैंड की टीम के विरुद्ध दूसरे दिन इंग्लिश गेंदबाज और खासकर बेन स्टोक्स का दबदबा रहा। स्टोक्स ने कुल चार विकेट लिए और अपने करियर के 250 टेस्ट विकेट पूरे किए।
वहीं जोफ्रा आर्चर और शोएब बशीर ने दो-दो विकेट लिए, जिससे न्यूजीलैंड की टीम लंच के कुछ ओवर बाद ही 438 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने पहली पारी में 2 विकेट खोकर 223 रन बना लिए हैं। जैकब बेथेल 74 और जो रूट 21 रन बनाकर नाबाद है।
दूसरे दिन लिए 3 विकेट
पहले दिन इंग्लैंड भारी दबाव में था, क्योंकि टॉम लाथम (151) और डेवोन कान्वे (157) ने न्यूजीलैंड के पहले विकेट के लिए 317 रनों की बड़ी साझेदारी की थी। लेकिन घरेलू टीम ने दिन के अंत तक देर से चार विकेट लेकर वापसी कर ली थी, जिसमें स्टोक्स ने स्टोक्स ने एक विकेट लिया था, दूसरे दिन उन्होंने तीन और विकेट लेकर इस वापसी को जारी रखा।
दिन की शुरुआत में इंग्लैंड के कप्तान ने डेरिल मिशेल (11) को स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद ओ रूर्के (19) पर आउट हुए। फिर स्टोक्स ने मिशेल सेंटनर (4) को एक तेज बाउंसर के बाद अपना 250वां ऐतिहासिक विकेट बनाया। इससे स्टोक्स अब इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सर्वकालिक सूची में नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
इंग्लैंड का स्कोर 223/2
पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत खराब रही। दूसरे ही ओवर में विलियम ओरूर्के ने एमिलियो गे को पवेलियन भेजा। इसके बाद बेन डकेट और जैकब बेथेल के बीच दूसरे विकेट के लिए 179 रन की साझेदारी हुई। 32वें ओवर में नाथन स्मिथ ने डकेट को बोल्ड किया। डकेट ने 99 गेंदों पर 113 रन की पारी खेली।





