वसुंधरा राजे ने कहा- सभा में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगते रहे और सिद्धू हंसते रहे

राजस्थान में चुनाव प्रचार आखिरी दौर में हैं। चुनावी रण में रणविजय बनने के लिए नेता अपना दम झोंक रहे हैं। राम मंदिर से होते हुए प्रचार में अब राष्ट्रवाद के मुद्दे ने एंट्री ले ली है। वसुंधरा राजे ने कहा- सभा में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगते रहे और सिद्धू हंसते रहे

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की सभा में ‘पाकिस्तान जिन्दाबाद के नारे लगे। वसुंधरा राजे ने इस घटना को शर्मनाक बताया है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वसुंधरा ने सोमवार को सवाईमाधोपुर, भरतपुर और करौली में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। 

इस दौरान उन्होंने कहा कि टीवी देखकर हैरानी तो यह हुई कि सिद्धू नारे लगाने वाले को रोकने के बजाय उनकी तरफ मुखातिब होकर हंस रहे हैं और इससे उत्साहित होकर नारे लगाने वाले और जोर-जोर से ऐसे नारे लगा रहे है।  गौरतलब है कि कांग्रेस नेता सिद्धू भी इन दिनों राजस्थान के चुनावी दौरे पर हैं। 

हालांकि, जिस कथित वीडियो का जिक्र वसुंधरा ने किया है, उसको लेकर सिद्धू कह चुके हैं कि वो ये वीडियो चलाने वाले निजी न्यूज चैनल पर मानहानि का दावा करेंगे। उनके मुताबिक, ये वीडियो गलत है।

वसुंधरा राजे ने कहा कि पहले ‘भारत माता की जय’ के नारों को रोकने और अब पाकिस्तान जिंदाबाद के नारों को बढ़ावा देने से कांग्रेस का असली चरित्र सामने आ गया है। कांग्रेस ने 55 साल तक राज्य को बीमारू रखा और वोटों की खातिर भाई को भाई से लड़ाया। जाति और मजहब की दीवारें खड़ी कीं जबकि हमने सभी 36 कौम के लोगों को गले लगाया।

Back to top button