वर्ल्ड कप से बाहर होने पर फूटा Harmanpreet Kaur का गुस्सा; टीम को दी बड़ी चेतावनी

वनडे विश्व कप की चैंपियन भारतीय महिला टीम इंग्लैंड में चल रहे टी-20 विश्व कप में सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी है। लॉर्ड्स में चिर प्रतिद्वंदी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसे करो या मरो के मुकाबले में 6 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।
कप्तान हरमनप्रीत कौर के तेज अर्धशतक (56) रन और उनके आखिरी ओवर में तीन छक्कों की बदौलत भारतीय टीम ने चार विकेट पर 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर तो बना लिया, लेकिन भारतीय गेंदबाज इस लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकीं और ऑस्ट्रेलिया टीम ने चार विकेट खोकर 19 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। इस हार से भारतीय महिला टीम अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर पहुंचने से चूक गई और उनका टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया।
वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर काफी निराश नजर आईं और उन्होंने टीम की कमियों को खुलकर उजागर किया।
Harmanpreet Kaur का छलका दर्द
दरअसल, पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान हरमनप्रीत कौर ने साफ कहा कि भारतीय टीम मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ मानसिक और तकनीकी मोर्चे पर पिछड़ गई। भारतीय महिला कप्तान ने बिना किसी झिझक के कहा,
“अगर मैं पूरे टूर्नामेंट पर नजर डालूं, तो हमने बड़ी टीमों के खिलाफ बेहद निराशाजनक खेल दिखाया। अमूमन दुनिया की बेस्ट टीमों के सामने आपका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बाहर आता है, लेकिन हमारे साथ ऐसा नहीं हुआ। हमें इस पर गंभीरता से आत्ममंथन करने की जरूरत है।”
पिछले मैचों की गलतियों को याद करते हुए कप्तान ने आगे कहा “उन छूटे हुए कैचों ने हमें भारी नुकसान पहुंचाया। हालांकि, आज के मैच में हम अंत तक मुकाबले में बने हुए थे, पर सच यह है कि हम अपने तय मानकों के मुताबिक नहीं खेल पाए।”
रणनीति बदलने की दी नसीहत
कप्तान ने चिंता जताते हुए कहा कि टीम लंबे समय से एक ही तरह की गलतियों को दोहरा रही है। मैच के अहम मौकों पर, खासकर आखिरी ओवर में ज्यादा रन लुटाना और लक्ष्य का पीछा करते समय बल्लेबाजी का लड़खड़ाना एक गंभीर समस्या बन चुका है। उन्होंने पूरी टीम को चेतावनी देते हुए कहा कि एक ग्रुप के रूप में रणनीति में बड़े बदलाव करने और इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान खोजने की सख्त जरूरत है।





