लोकसभा चुनाव 2019: लद्दाख और अनतंनाग के लिए मतदान, इनके लिए 6.97 लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे

 राज्य में छह मई को अंतिम चरण में दो संसदीय क्षेत्रों लद्दाख और अनतंनाग के लिए मतदान होना है। इनके लिए 6.97 लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे। अंतिम चरण में लद्दाख और अनंतनाग संसदीय क्षेत्र के पुलवामा-शोपियां जिलों में कुल 697,148 मतदाता हैं, जिनमें 357,879 पुरुष, 335,799 महिलाएं, 3,456 सेवा मतदाता और 14 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। चुनावों को सुचारू रूप से करवाने के लिए चुनाव आयोग ने 1254 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

लद्दाख संसदीय क्षेत्र में लेह और कारगिल दो जिले शामिल हैं। कारगिल जिले में दो विधानसभा क्षेत्र कारगिल और जंस्कार शामिल हैं, जबकि लेह जिले में नुब्रा और लेह विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। लद्दाख निर्वाचन क्षेत्र में 174,618 मतदाता हैं। कुल मतदाताओं में 86752 पुरुष, 85,064 महिलाएं, 2,799 सेवा मतदाता और तीन ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इनके लिए 559 मतदान केंद्र बनाए हैं। कारगिल जिले में 87,781 मतदाता हैं, जिनमें 44,057 पुरुष, 42,405 महिलाएं, 1318 सेवा मतदाता और एक ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। जिले भर में 265 मतदान केंद्र बनाए हैं। लेह जिले में 86,837 मतदाता हैं, जिनमें 42,695 पुरुष, 42,659 महिलाएं, 1481 सेवा मतदाता और दो ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।

मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा

चुनाव में उतरे उम्मीदवारों में इंडियन नेशनल कांग्रेस के रिगजिन स्पालबार, भारतीय जनता पार्टी के जामयिंग त्सेरिंग नामग्याल और दो निर्दलीय उम्मीदवार असगर अली करबलाई और सज्जाद हुसैन शामिल हैं। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।

इन जिलों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित

अनंतनाग संसदीय क्षेत्र के तीन चरण के चुनावों के अंतिम चरण में दो दक्षिणी कश्मीर जिले पुलवामा और शोपियां में मतदान होना है। पुलवामा और शोपियां के दोनों जिलों में छह विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें त्राल, पंपोर, पुलवामा, राजपोरा, वाची और शोपियां शामिल हैं। इन जिलों में 695 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन दक्षिण कश्मीर जिलों में 522,530 मतदाता हैं जिनमें 271,127 पुरुष, 250,735 महिलाएं, 657 सेवा निर्वाचक और 11 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। पुलवामा जिले में 351,314 मतदाता हैं, जिनमें 181,259 पुरुष, 169,508 महिलाएं, 541 सेवा मतदाता और 6 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। जिले में 450 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। इसी तरह, शोपियां जिले में 171,216 मतदाता हैं, जिनमें 89,868 पुरुष, 81,227 महिलाएं, 116 सेवा मतदाता और पांच ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। जिले भर में 245 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। दस संसदीय क्षेत्र में नेशनल कॉन्फ्रेंस के हसनैन मसूदी, भारतीय जनता पार्टी के सोफी यूसुफ, कांग्रेस के गुलाम अहमद मीर, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी कीं महबूबा मुफ्ती साहित कुल अठारह उम्मीदवार मैदान में हैं।  इन जिलों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।

पंद्रह हजार फुट की ऊंचाई पर मतदान केंद्र

चुनाव आयोग ने लेह जिले में 15,000 फीट की ऊँचाई पर मतदान केंद्र, अनले फो (चांगथांग) स्थापित किया है। यह बूथ वास्तविक नियंत्रण रेखा से मुश्किल से 50 मीटर की दूरी पर है। इसी तरह आयोग ने लेह (गैक) और नुब्रा (वाशि) क्षेत्रों में दो मतदान केंद्रों की स्थापना की है, जिनमें से केवल सात-सात मतदाता हैं। सबसे अधिक मतदाताओं (1301) के साथ मतदान केंद्र लेह (शिनम) में स्थापित किया गया है।

Back to top button