लेडी सिंघम की पहल :अपराधियों के साथ सेल्फी खिंचवाएगी कामचोर पुलिस

राजधानी में बहुत जल्द सेल्फी पुलिसिंग शुरू होगी। एसएसपी मंजिल सैनी ने कामचोर पुलिसकर्मियों को फील्ड पर उतारने के लिए यह अनूठी येजना तैयार की है। इसके तहत हिस्ट्रीशीटरों और चेन व पर्स लुटेरों का सत्यापन करने वाले पुलिसकर्मियों को उनके घर जाकर अपनी सेल्फी खींचकर अपने अधिकारियों को भेजनी होगी।अगर कोई नाम-पता जानता भी है तो कभी उनके घर नहीं जाता। हिस्ट्रीशीटर की निगरानी और अपराधियों के सत्यापन का काम तो उनके लिए बोझ जैसा होता है। यही वजह है कि अपराधी इलाके में घूमकर वसूली या गुंडागर्दी करते हैं।
आसपास के लोगों को धमकाते हैं लेकिन लोग शिकायत करने के बजाए सहते रहते हैं। लोगों के मन में कहीं न कहीं यह बात होती है कि अपराधी उनके पड़ोस में ही रहता है लेकिन पुलिस महीनों में नजर आती है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति अपराधियों की शिकायत करके बेवजह की मुसीबत मोल लेने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। नतीजतन अपराधी पुलिस पर हावी होने लगते हैं।
यही वजह है कि अपराधियों का सत्यापन जरूरी है। हालांकि, सत्यापन के लिए जब पुलिसकर्मियों को अपराधियों के घर जाने के निर्देश दिए जाते हैं तो वह सिपाहियों को भेजकर कागजी खानापूरी कराते रहते हैं। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए ही सेल्फी पुलिसिंग की योजना बनाई गई है।





