लालजी टंडन का निधन : मध्‍य प्रदेश सरकार ने घोषित किया 5 दिनों का राजकीय शोक

भोपाल। मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टण्डन का मंगलवार को सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके अवसान पर प्रदेश में पांच दिन 21 से 25 जुलाई तक राजकीय शोक घोषित किया गया है। मंगलवार को समस्त शासकीय कार्यालय बंद रहेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रिपरिषद बैठक में यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्यपाल लालजी टण्डन के अवसान पर शोक स्वरूप मंत्रिपरिषद बैठक में अन्य विषयों पर चर्चा न कर स्थगित की गई है। मंत्रिपरिषद की बैठक 22 जुलाई को होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्र ध्वज झुके रहेंगे। राजकीय शोक की अवधि में प्रदेश में मनोरंजन के कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे।
बता दें कि इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश भेजे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे मध्यप्रदेश की जनता की ओर से दिवंगत लालजी टण्डन को श्रद्धांजलि देने के लिए लखनऊ जा रहे हैं। इस अवसर पर समस्त मंत्रिपरिषद ने खड़े होकर दो मिनिट का मौन धारण कर उनको श्रद्धांजलि दी।

Back to top button