लाड़ली बहनों को आज मिलेगा तोहफा, सीएम गोटेगांव से 1835 करोड़ रुपये की राशि जारी करेंगे

मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार 13 मई को नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 36वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1835 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की जाएगी।
सरकारी जानकारी के अनुसार योजना की पात्र 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 महिलाओं को कुल 1835 करोड़ 67 लाख 29 हजार 250 रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
सशक्त बन रहीं लाडली बहनें
राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं की घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है और परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी भी बढ़ी है। सरकार के मुताबिक योजना का असर ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में देखने को मिला है।
महिलाओं ने योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जरूरतों पर किया है। इसके अलावा कई महिलाएं स्व-सहायता समूह, छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार गतिविधियों से भी जुड़ रही हैं। योजना के तहत बैंक खातों में सीधे राशि भेजे जाने से महिलाओं की बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं तक पहुंच बढ़ी है।





