लखीमपुर-खीरी : अवैध कमाई का जरिया बने आधार केंद्र, शिकायत के बाद भी अधिकारी साधे चुप्पी

लखीमपुर-खीरी। जनपद में पोस्ट ऑफिसों और बैंकों में बनाये गए आधार केंद्र इन दिनों अवैध कमाई का जरिया बने हुये है। यहां आधार बनवाने या संशोधन करवाने वालों की जेबों पर जमकर डाका डाला जा रहा है, लेकिन अधिकारी सब कुछ जानकर भी धतराष्ट्र की भूमिका निभा रहे हैं।
बताते चले सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए सरकार द्वारा आधार कार्ड की अनिवार्यता कर दी गयी है। यही नही बैंकों, पासपोर्ट, गैस सब्सिडी, राशनकार्ड समेत विभिन्न जगहों आधार कार्ड मांगा जाता है। इधर वर्तमान शैक्षिक सत्र 2020-21 में एडमिशन से लेकर छात्रवृत्ति में भी आधार की अनिवार्यता कर दी गई है। जिसके चलते आधार से वंचित लोग अपना आधार बनवाने तथा जिनके आधार कार्ड में नाम, पता तथा जन्मतिथि गलत है, उसे संशोधन करवाने के लिए इन दिनों जनपद में बैंकों व पोस्ट ऑफिसों लोगों तथा छात्रों की भीड़ उमड़ रही है।
इसी भीड़ का फायदा उठाते हुए केंद्र पर तैनात आधार आपरेटर लोगों से जमकर वसूली करने में जुटे है। बता दे कि आधार केंद्रों पर आधार संशोधन की पचास रुपये से लेकर एक सौ रुपये फीस है, लेकिन यहां लोगों से दो सौ रुपये से लेकर तीन सौ रुपये तक की वसूली की जाती है। जब कोई व्यक्ति अवैध वसूली का विरोध करता है तो उसे फॉर्म पकड़ा कर यह कह कर चलता कर दिया जाता है कि जहां कम रुपये में काम हो रहा हो, वहां करवा लो।
इसके अलावा अगर कोई शिकायत करने की बात कहता है तो यह कर्मचारी अभद्रता करने लगते है। फिलहाल आधार केंद्रों पर हो रही अवैध धन उगाही की कई बार अधिकारियों से शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अधिकारी चुप्पी साधे हुए है, जिससे इन कर्मचारियों के हौसले बुलंद है।
अधिकतम 100 रुपये है फीस
यूआईडीएआई की ओर से आधार अपडेट कराने या बायोमेट्रिक अपडेट कराने की अधिकतम फीस 100 रुपये रखी गई है। अगर आप आधार इनरोलमेंट कराने गए हैं तो आपको कोई शुल्क नहीं देना होगा। बच्चों के लिए आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए एजेंसी वाला आपसे कोई शुल्क नहीं लेगा। वहीं आप अपना एड्रेस बदलवाते हैं या कोई डेमोग्रेफिक अपडेट कराते हैं तो आपको 50 रुपये फीस देनी होगी। यूआईडीएआई की ओर से एक बारकोड जारी किया गया है, जिसे स्कैन करके आप सभी तरह की फीस के बारे में जान सकते हैं।
ज्यादा पैसा मांगने पर 1947 पर करें शिकायत
अगर आप आधार बनवाने या अपडेट कराने जाते हैं और आपसे एजेंसी धारक आधार सेवाओं के लिए ज्यादा पैसे मांग रहा है तो आप उसकी उसकी शिकायत कर सकते हैं। यूआईडीएआई की ओर से जानकारी दी गई है कि आधार सेवाओं के लिए किसी भी एजेंसी की ओर से ज्यादा पैसे मांगे जाने के खिलाफ है। अगर कोई एजेंसी धारक आपसे ज्यादा पैसे मांगता है तो आप उसकी शिकायत इनकी मेल के जरिए या फिर 1947 नम्बर पर फोन करके कर सकते हैं।
कांग्रेस बैठक में पहुंचे प्रदेश सचिव कुमुद गंगवार
लखीमपुर-खीरी। जिला कांग्रेस कमेटी की नवगठित इकाई की प्रथम बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रदेश सचिव कुमार गंगवार एवं गुरमीत सिंह भुल्लर की अध्यक्षता में हुई। जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने सभी नवगठित पदाधिकारियों का स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव कुमुद गंगवार ने कहा कि सभी उपाध्यक्ष एवं महासचिव तथा सचिवों को जिले में कार्यभार बांट दिया गया है, सभी पदाधिकारी अपनी विधानसभा एवं ब्लाकों में कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे। वहीं गुरमीत सिंह ने कहा कि सभी ब्लॉक प्रभारी अपने ब्लाकों की बैठक में कांग्रेस सदस्यता फार्म भरा कर प्रदेश कार्यालय भेजे। आज जनता कांग्रेस की ओर देख रही है।
जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने कहा कि ऊर्जावान कार्यकर्ताओं में पूरे जिले में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी है, जो कार्यकर्ता कमेटी में जगह नहीं पाया हैं उन्हें जल्द ही समायोजित किया जाएगा। वहीं युवा नेता डॉ. रवि शंकर त्रिवेदी ने कहा कि जनता को सच और झूठ का अंतर पता चल रहा है, वह अब देश और प्रदेश की सरकार को उखाड़ फेंकेगी। कांग्रेश 2022 के चुनाव में पूरी तरह से उभर कर आएगी।
बैठक में शहर अध्यक्ष सिद्धार्थ त्रिवेदी, इकबाल अहमद खान, रमाकांत गुप्ता, शिव सहाय सिंह, राम कुमार मिश्रा, सहजनेन्द्र दीक्षित, संजय गोस्वामी, सूरज सिंह, सुनीता कुमारी, शीला कश्यप, रवि प्रताप सिंह, बलराम गुप्ता, सगीर अहमद, केके मिश्रा, अनस खान, प्रेम वर्मा, राम ज्ञान शर्मा, कमलजीत सिंह, जितेंद्र भार्गव, डॉ. लोचन, रामराज, श्रीकांत गौतम, जिलेदार लोधी, रवि गोस्वामी, इंद्रजीत, रियाज अहमद मोनू, तारीख हुसैन, राजू अग्निहोत्री, मोनू सिंह आदि कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में विधायक सख्त
पलियाकलां-खीरी। पलिया में युवक की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर की गई हत्या के मामले में भाजपा विधायक रोमी साहन स्थानीय पुलिस प्रशासन से खासा नाराज नजर आए। हत्या की सूचना के बाद लखनऊ से भाजपा विधायक रोमी साहनी मृतक के घर जा पहुंचे और परिजनों से मुलाकात करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। विधायक ने पुलिस के आला अधिकारियों से फोन कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विधायक ने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया कि जब तक वह हत्यारों को गिरफ्तार नहीं करा देते वह चैन से नहीं बैठेंगे।
बता दें कि बुधवार को दिनदहाड़े पुलिस से बेखौफ बदमाशों ने रेंगन सिंह कंडोला उर्फ गुरू तेग सिंह पुत्र मक्खन सिंह निवासी ग्राम पतवारा की पलिया से बाइक से अपने घर जाते हुए बीच रोड पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कार में सवार होकर फरार हो गए थे। हत्या की वारदात की सूचना पुलिस को मिलते ही हड़कंप मच गया था। आनन-फानन में सीओ कुलदीप कुकरेती कोतवाल भानु प्रताप सिंह सहित पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेते हुए घटनास्थल की छानबीन शुरू कर दी थी। बीच रोड पर दिनदहाड़े हुई युवक की हत्या की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
युवक की हत्या क्यों कि गई, किसने की और हत्या के पीछे का क्या राज है इन बिंदुओं पर पुलिस की जांच चल रही है। हत्या की सूचना के बाद गुरुवार को भाजपा विधायक रोमी साहनी लखनऊ से सीधे मृतक के घर जा पहुंचे और परिजनों से मुलाकात करते हुए उन्हें ढांढस बताया। विधायक रोमी साहनी ने मौके से ही पुलिस के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर हत्या की वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।





