लखनऊ स्थित साई सेंटर में भारतीय शिविर में हिसार की एक महिला खिलाड़ी से छेड़छाड़ की घटना आई सामने

छेड़छाड़ जैसे मामलों से केवल आम महिलाएं ही नहीं बल्कि महिला खिलाड़ी भी सुरक्षित नहीं हैं। उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित साई सेंटर में चल रहे कुश्ती के जूनियर वर्ग के भारतीय शिविर में हिसार की एक महिला खिलाड़ी से छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। महिला खिलाड़ी ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई और हिसार सदर थाना में जीरो एफआइआर दर्ज कर मामले को जांच के लिए यूपी पुलिस को भिजवा दिया है। अब यूपी पुलिस इस मामले में जांच करेगी।
पुलिस को दी शिकायत में कुश्ती खिलाड़ी ने कहा कि वह अपने साथियों के साथ गेट के बाहर पैसे निकलवाने के लिए जा रही थी। उसी दौरान हिसार के ही एक दूसरे खिलाड़ी ने उससे छेड़छाड़ की। इस मामले की पूरी जानकारी खिलाड़ी ने अपने परिजनों को दी। परिजनों को बताने के साथ कुश्ती खिलाड़ी हिसार आ गई। उसके बाद सदर थाना पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज कर अब लखनऊ पुलिस को भेज दी है।





