लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्र को तमंचे के बट और सरिया से पीटा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हसनगंज थाना क्षेत्र स्थित लखनऊ विश्वविद्यालय में क्रिकेट के खेल के दौरान हुए विवाद में छात्रों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट होने के दौरान गुस्साए छात्र एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए।
लविवि अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। यहां बीए सेकेंड ईयर के छात्र अभिषेक को परिसर में ही पांच से अधिक लोगों ने जमकर पीटा। बताया जा रहा है कि घटना में तमंचे से कई फायर भी किए गए। एक गोली छात्र के हाथ को छूकर निकल गई। इसके साथ ही छात्र को तमंचे के बट और सरिया से मार कर लहूलुहान कर भाग निकले।
छात्रों ने अभिषेक के ऊपर हमला बोल दिया इसमें छात्र अभिषेक सिंह का सिर फट गया। उसके सिर से खून बहता देख मौके पर हड़कंप मच गया। आनन फानन में गंभीर रूप से घायल छात्र को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें:- बंथरा में किसान के मकान में छत के रास्ते दाखिल हुए बेखौफ चोर
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले में आरोपी छात्रों की पहचान के लिए शिक्षकों के साथ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। घटना से एलयू में तनाव होने की आशंका है। पुलिस की चप्पे चप्पे पर नजर है। पुलिस का कहना है कि अरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सलाम नहीं किया ताे पीटकर कर दिया लहूलुहान
जानकारी के अनुसार, घटना हसनगंज थाना क्षेत्र की है। यहां पारा इलाके का रहने वाले घायल छात्र अभिषेक के मुताबकि, सीतापुर निवासी पूर्व छात्र अनुराग तिवारी और धनंजय सिंह व शैलेन्द्र सिंह छात्रों के बीच दबदबा बनाए हुए हैं। ज्यादातर कॉलेज परिसर में ही रहते हैं।
आरोपित अनुराग खुद को सलाम करवाने के लिए दबाव बना रहा था, इन्कार करने पर पिछले कई दिनों से परेशान कर रहा था। वहीं, आज कॉलेज के गेट नंबर एक के पास पहुंचते ही अनुराग तिवारी ने अपने साथियों के साथ हमला कर दिया। पहले पीटा फिर तमंचा तान दिया।
कॉलेज में घटना से मचा हड़कंप, बुलाई गई बैठक
सीओ महानगर संतोष सिंह के मुताबिक, लविवि के छात्र अभिषेक सिंह के पत्थर और हॉकी से वार में सिर पर चोट लगी है। पुलिस अनुराग तिवारी, धनंजय समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमले की एफआइआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है। आरोपितो की तलाश में दबिश दी जा रही है। कॉलेज परिसर में लगे सीसी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
वहीं, घटना के चलते कॉलेज में हड़कंप मच गया। प्रो. विनोद सिंह ने तत्काल बैठक बुलाई। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा सख्त एक्शन लिया जाएगा। उधर, एएसपी ट्रांसगोमती हरेंद्र कुमार और सीओ महानगर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल तनाव को देखते हुए विवि में पुलिस तैनात की गई है।





