लखनऊ : नगर निगम की मनमानी और लापरवाही पर भड़के सरोजनी नगरवासी, फूटा गुस्‍सा

सरोजनीनगर। नगर निगम विभाग की मनमानी व लापरवाही से सरोजनीनगर के लोग बेहद परेशान हैं। स्थिति यह है कि नगर निगम विभाग की गाड़ियों से आए दिन सड़क पर गिराए जा रहे गोबर की वजह से जहां राहगीरों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इस गोबर को हड़ाईन खेड़ा के पास डाले जाने से किसानों का रास्ता बंद होता जा रहा है। हालाकि इसको लेकर किसानों ने गत दिनों हंगामा प्रदर्शन कर नगर निगम का काम भी रुकवाया, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम अधिकारियों ने अब तक इस पर ध्यान नहीं दिया।

फिलहाल नगर निगम की मनमानी और लापरवाही की वजह से राहगीरों और ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त है। बताते चलें कि सरोजनीनगर के नादरगंज स्थित कान्हा उपवन में रखे गए छुट्टा और आवारा जानवरों का सारा गोबर डंपरों के जरिए अमौसी रेलवे स्टेशन के पास होते हुए हड़ाइन खेड़ा के पास प्रस्तावित कान्हा उपवन के पास डाला जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कान्हा उपवन से डंपर के जरिए ले जाते समय गोबर को ढका नहीं जाता है, बल्कि डंपर में खुला गोबर ले जाया जाता है। जिसकी वजह से आए दिन भारी तादाद में यह गोबर सड़क पर गिरकर बिखरता रहता है।

इतना ही नहीं ग्रामीणों का आरोप है कि इसके अलावा डंपर का डीजल बचाने के चक्कर में डंपर चालक कभी-कभी रास्ते में भी सड़क किनारे सारा गोबर डंपर से गिरा देते हैं। सोमवार को भी नादरगंज स्थित कान्हा उपवन से हड़ाइन खेड़ा ले जाते समय डंपर चालक ने बेहटवा गांव स्थित नहर के पास सड़क पर काफी तादाद में गोबर गिरा दिया। सड़क पर भारी तादाद में गोबर का ढेर लगने से कई दुपहिया वाहन सवार उसमें फिसल कर गिर भी गए। हालाकि लोगों ने बताया कि डंपर से गोबर गिराते देख कुछ लोग दौड़े तो आनन-फानन डम्पर चालक अपना वाहन लेकर वहां से चला गया। फिलहाल आए दिन सड़क पर डम्पर से गिर रहे गोबर की वजह से राहगीरों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वह आए दिन गोबर के ढेर में वाहन सहित फंस कर गिरते रहते हैं। जिससे उनके कपड़े भी खराब हो जाते हैं।

इसी तरह यह गोबर हड़ाइन खेड़ा के पास रास्ते में डाला जा रहा है। जिससे किसानों को अपने खेतों के लिए आने जाने का रास्ता बंद हो रहा है। इस गोबर के ढेर में गत दिनों एक गाय भी बुरी तरह फंस गई थी। जिसे ग्रामीणों ने रस्सी के जरिए ट्रैक्टर से खींचकर बाहर निकाला। इतना ही नहीं उस समय गुस्साए ग्रामीणों ने नगर निगम के ट्रैक्टर द्वारा रास्ते में जुताई के काम को भी रुकवा दिया था। उनका आरोप था कि नगर निगम विभाग मनमाने तरीके से ग्रामीणों का रास्ता बंद कर रहा है।

फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नगर निगम विभाग के प्रति काफी रोष व्याप्त है। उधर इस संबंध में सरोजनीनगर प्रथम वार्ड के पार्षद राम नरेश रावत एडवोकेट का कहना है कि उन्होंने भी इस मामले को लेकर कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की। लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगा, बल्कि वह हाथ पर हाथ रखे बैठे हुए हैं।

Back to top button