लंबे इंतजार के बाद MP में दोबारा मानसून सक्रिय तो हुआ है, लेकिन फिर भी सूखे पड़े कई इलाके

लंबे इंतजार के बाद मध्य प्रदेश में दोबारा मानसून सक्रिय तो हुआ है, लेकिन फिर भी कई इलाके सूखे पड़े हैं। खासतौर पर पश्चिमी मध्य प्रदेश के निमाड़ इलाके में मानसून की बेरुखी ने लोगों की बैचेनी बढ़ा दी है। ऐसे में रूठे इंद्र देवता को मनाने के लिए लोग तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। ऐसे ही एक अनूठा मामला बड़वानी जिले के पलसूद से आया है। यहां बारिश के लिए लोगों ने अनूठा टोटका अपनाया। बदरा जमकर बरस जाएं, इसलिए शनिवार को लोगों ने पूरा पलसूद नगर बंद रहा। व्यापारियों ने शहर के सभी होटल, किराना दुकान, कपड़ा और अनाज की दुकानें बंद रखीं और शहर से बाहर जाकर खाना बनाया। इसके अलावा लोगों ने रूठे इंद्र देवता को मनाने के लिए मंदिरों में भी पूजा की।
बता दें कि पिछले कुछ हफ्तों से मध्य प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया था। कई इलाकों मे फसलें सूखने लगी थीं। लेकिन पिछले दो दिन से मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हुआ है। कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। ऐसे में जहां कम बारिश हुई है। वहां लोग ऐसे-ऐसे टोटके आजमा रहे हैं।





