रोहित शर्मा ने 150 रन से ज्यादा की पारी खेलकर ये बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड किया अपने नाम….

ndia vs South Africa Test Series: सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 150 रन बना लिए हैं। विशाखापत्तनम में खेले जा रहे तीन मैचों की सीरीज के पहले मैच के दूसरे दिन रोहित शर्मा ने 150 रन से ज्यादा की पारी खेलकर एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो अब तक ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सर डॉन ब्रैडमैन के नाम था। 
दाएं हाथ के बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 224 गेंदों में 18 चौके और 5 छक्कों की मदद से 150 रन बना लिए हैं। इसी के साथ रोहित शर्मा का घर पर टेस्ट क्रिकेट में औसत 100 के पार हो गया है। कम से कम दस पारियां खेलने के बाद रोहित शर्मा ने दुनिया के महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन के रन औसत को पीछे छोड़ दिया है। डॉन ब्रैडमैन ने अपने घर पर 98.22 के औसत से रन बनाए थे, जिसे हिटमैन ने पीछे छोड़ दिया है।
रोहित का ‘शतकीय’ औसत
रोहित शर्मा अब भारत में टेस्ट क्रिकेट में 100 से ज्यादा के औसत से रन बना रहे हैं। रोहित शर्मा दुनिया के पहले ऐसे क्रिकेटर हैं, जिन्होंने कम से कम 10 पारियां खेलते हुए 100 से ज्यादा के औसत से टेस्ट क्रिकेट में रन बनाए हैं। इस मामले में तीसरे नंबर पर एडम वोक्स हैं, जिन्होंने 86.25 के औसत से रन बनाए थे। वहीं, डगलस जरडिन ने 81.66 के औसत से टेस्ट क्रिकेट में घरेलू सरजमीं पर रन बनाए थे।
घर पर खेलते हुए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा औसत(कम से कम 10 पारियां)
100.07* – रोहित शर्मा
98.22 – सर डॉन ब्रैडमैन
86.25 – एडम वोग्स
81.66 – डगलस जरडिन
77.56 – जॉर्ज हेडली
32 साल के रोहित शर्मा की ये बतौर ओपनर पहली पारी थी। इस मौके को भुनाते हुए रोहित शर्मा ने शतकीय और फिर डेढ़ शतकीय पारी खेलकर अपनी छाप छोड़ी है। इससे पहले वे तीन शतक लगा चुके थे, लेकिन वे टेस्ट टीम से अंदर-बाहर हो रहे थे। हालांकि, अब उनको टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है।





