रेसिपी : खास मौकों को एप्पल रबड़ी से बनाएं और भी खास
आपने कई बार रबड़ी जरूर खाई होगी। कुछ लोगों की तो यह फेवरेट स्वीट डिश भी होगी और किसी के घर में खास मौकों पर रबड़ी जरूर बनती होगी। आज हम आपकी रबड़ी की याद को ताजा करेंगे, मगर अलग स्टाइल से। आज हम आपको बताएंगे एप्पल रबड़ी के बारे में। इसमें रबड़ी तो वही है, मगर सेब, बादाम और पिस्ता स्वाद में चार चांद लगा देते हैं। आप इसे रबड़ी का हेल्दी वर्जन कह सकते हैं। हेल्दी और स्वादिष्ट रबड़ी को आप डिनर पार्टी के बाद सर्व कर सकते हैं।
सामग्री
- 3 मध्यम आकार के सेब
- 1 लीटर दूध
- 4 टेबल स्पून चीनी
- 1/4 टी स्पून हरी इलाइची
- 8-10 बादाम (स्लाइस्ड), हल्का उबला
- 8-10 पिस्ते (स्लाइस्ड), हल्का उबला
विधि
एक बड़े बर्तन में दूध डालें और उसमें उबाल आने दें। इसे हल्के हाथ से तब तक चलाती रहें, जब तक दूध आधा न रह जाए। इसके बाद आंच धीमी कर दें और इसमें चीनी डालें। इसे धीमी आंच पर पकाते हुए लगातार चलाते रहें।
सेब को छीलकर कददूकस कर लें। जब दूध की मात्रा और कम हो जाए तो इसमें सेब डालकर अच्छे मिक्स करें। इसे 3 से 4 मिनट के लिए पकाएं। इसमें इलाइची पाउडर, बादाम और पिस्ते डालें। इसे सर्विंग डिश में निकाल लें। सेब के बचे हुए स्लाइस डिश के चारों तरफ लगाएं। इसे गर्म या ठंडा सर्व करें।





