रुड़की नगर निगम के चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता हुई प्रभावी….

रुड़की नगर निगम के चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही वहां निकाय चुनाव की आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई। रुड़की नगर निगम के चुनाव की प्रक्रिया एक नवंबर को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ शुरू होगी। मतदान 22 नवंबर को होगा, जबकि 24 नवंबर को मतगणना की तिथि तय की गई है। इसके साथ ही रुड़की में चुनाव की सरगर्मी शुरू हो गई है। महापौर और वार्ड सदस्यों के संभावित दावेदारों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 
पिछले वर्ष अक्टूबर में नगर निकाय चुनाव के दौरान परिसीमन से संबंधित मसले के चलते नगर निगम रुड़की के चुनाव नहीं हो पाए थे। मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया। कोर्ट ने सरकार को जल्द से जल्द रुड़की नगर निगम के चुनाव कराने के आदेश दिए थे। इसके लिए तैयारियां पूरी होने के बाद बीते रोज शासन ने अधिसूचना जारी कर दी थी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट ने संवाददाता सम्मेलन में रुड़की नगर निगम के चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही रुड़की में नगर निगम चुनाव की आचार संहिता प्रभावी हो गई है। उन्होंने बताया कि इस निकाय में 140538 मतदाता महापौर और 40 वार्ड सदस्यों का चुनाव करेंगे।
चुनाव कार्यक्रम
नामांकन- एक व दो नवंबर (सुबह 10 से पांच बजे)।
नामांकन पत्रों की जांच- चार व पांच नवंबर।
नाम वापसी- छह नवंबर (सुबह 10 से शाम चार बजे तक)।
चुनाव चिह्न आवंटन- सात नवंबर (सुबह 10 बजे से)।
मतदान- 22 नवंबर (सुबह आठ से शाम पांच तक)।
मतगणना- 24 नवंबर (सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक)
नगर निगम रुड़की पर एक नजर
कुल वार्ड- 40
मतदान केंद्रों की संख्या-53
मतदेय स्थल- 149
महिला मतदाता67916
पुरुष मतदाता- 72622
तीन लाख मतपत्रों की होगी छपाई
रुड़की नगर निगम में कुल मतदाताओं की संख्या 140538 है। इस चुनाव में एक व्यक्ति दो वोट डालेगा। एक महापौर व दूसरा वार्ड सदस्य के लिए। इसे देखते हुए मतदान के लिए करीब तीन लाख मतपत्र छपवाए जाएंगे।





