गोरखपुर. कांग्रेस के वाइस प्रेसिडेंट राहुल गांधी शनिवार को गोरखपुर आ रहे हैं। वे यहां उन बच्चों के घरवालों से मिलेंगे, जिनकी बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी। उनके साथ प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद और प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले सीएम योगी भी शनिवार को गोरखपुर पहुंचे और यहां बीजेपी के ‘स्वच्छ यूपी-स्वस्थ यूपी’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि दिल्ली वाले गोरखपुर को पिकनिक स्पॉट बना रहे हैं। बता दें, गोरखपुर के बीआरडी हॉस्पिटल में बीते दिनों 30 बच्चों समेत 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।
पीड़ितों के घर जाएंगे राहुल…
– गोरखपुर एयरपोर्ट से राहुल ग्राम बाघागाड़ा में पीड़ित ब्रह्मदेव यादव के घर जाएंगे।
– कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल अहमद ने बताया कि राहुल गांधी ग्राम मलाव में नितेश शुक्ला, बांसगांव के ग्राम बसौली खुर्द में रमाशंकर और खजनी के ग्राम खुटौना में जितेंद्र के घर जाकर संवेदनाएं प्रकट करेंगे। शाम 5 बजे वे मेडिकल कालेज पहुंचेंगे।
कांग्रेस का डेलीगेशन पहुंचा था गोरखपुर
– इससे पहले भी कांग्रेस का एक डेलीगेशन दिल्ली से गोरखपुर गया था, जिसमें पार्टी के सीनियर नेता गुलाम नबी आजाद, आरपीएन सिंह और राज बब्बर शामिल थे।
– इन नेताओं ने हॉस्पिटल में बच्चों की मौत के लिए सीधे तौर पर योगी सरकार पर सवाल उठाया था। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफा भी मांगा था।
– घटना के बाद यूपी कांग्रेस चीफ राज बब्बर ने बड़ी तादाद में कांग्रेस वर्कर्स के साथ लखनऊ में योगी सरकार के खिलाफ प्रोटेस्ट किया था। राज बब्बर ने योगी सरकार को हत्यारी सरकार करार दिया था। वे दो बार पुलिस हिरासत में भी लिए गए थे। माना जा रहा है कि राहुल गांधी के गोरखपुर पहुंचने से मामला एक बार फिर तूल पकड़ सकता है।
दिल्ली के लोग गोरखपुर को पिकनिक स्पॉट बना रहे हैं
– राहुल के गोरखपुर विजिट के साथ ही सीएम योगी भी शनिवार को गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने बीजेपी के ‘स्वच्छ यूपी-स्वस्थ यूपी’ अभियान की शुरुआत की।
– सीएम ने यहां कहा- ”इंसेफलाइटिस से हम कई वर्षों से लड़ रहे हैं। इंसेफलाइटिस से बचाव के लिए स्वच्छता जरूरी है। हम इससे बचाव के लिए टीकाकरण अभियान भी चला रहे हैं।”
– ”जो भी शासन से जुड़ी संस्थाएं हैं वो स्वच्छता के लिए अभियान चलाएं। आम जन की सहभागिता जब तक नहीं होगी कोई भी कार्यक्रम सफल नहीं होगा।”
– ”दिल्ली वाले लोग स्वच्छता अभियान के बारे में नहीं जानेंगे। ये लोग गोरखपुर को पिकनिक स्पॉट बनाए हुए हैं। हम गोरखपुर को पिकनिक स्पॉट नहीं बनने देंगे। इन लोगों को गोरखपुर में महत्व नहीं मिलेगा।”
क्या है गोरखपुर ट्रेजडी?
– बाबा राघव दास (BRD) मेडिकल कॉलेज में 7 अगस्त से लेकर 12 अगस्त तक 30 बच्चों समेत 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। आरोप है कि ये मौतें हॉस्पिटल में ऑक्सीजन की सप्लाई बंद होने की वजह से हुईं।
– कहा जा रहा है कि पुष्पा सेल्स नाम की कंपनी ने पेमेंट बकाया होने की वजह से ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई रोक दी थी। कंपनी ने कहा कि हमने 14 रिमांडर भेजे, लेकिन इसके बाद भी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने कोई एक्शन नहीं लिया।
UP सरकार ने क्या कदम उठाया?
– बच्चों की मौत का मामला सामने आने के बाद बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल राजीव मिश्रा को 12 अगस्त को सस्पेंड कर दिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि मैंने अपनी जिम्मेदारी मानते हुए सस्पेंशन से पहले ही इस्तीफा सौंप दिया था।
– इसके बाद 13 अगस्त को योगी आदित्यनाथ ने मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बंद कमरे में यहां के स्टाफ की क्लास लगाई। विजिट के बाद सीएम योगी ने कहा कि बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हर मुमकिन कदम उठाया जाएगा।
– इसी दिन हॉस्पिटल के सुपरिंटेंडेट और वाइस प्रिंसिपल डॉक्टर कफील खान को पद से हटा दिया गया। उनकी जगह डॉ. भूपेंद्र शर्मा को अप्वाइंट किया गया।