रायबरेली : संस्कार भारती ने मंदिर के भूमिपूजन को कला उत्सव के रूप में मनाया

रायबरेली। श्री रामजन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन को संस्कार भारती द्वारा एक कला उत्सव के रूप में मनाया गया।कला और प्रतियोगिता के माध्यम से संगठन के बैनर तले कलाकारों और प्रतिभागियों ने इस कला उत्सव को मनाया।संस्कार भारती द्वारा कई स्थानों पर कलात्मक दीपोत्सव का भी आयोजन किया गया। विभाग संयोजक रजनीश पांडे ने बताया कि संस्कार भारती कला और साहित्य की अखिल भारतीय संस्था है जिसके द्वारा श्री राम जन्मभूमि मन्दिर के भूमिपूजन को उत्सव के रूप में मनाया गया।

उन्होंने बताया कि रायबरेली इकाई में रंगोली प्रतियोगिता व दीपोत्सव, लालगंज में भी रंगोली प्रतियोगिता व दीपोत्सव, ऊँचाहार में चित्रकला प्रतियोगिता व दीपोत्सव और सलोन में दीपोत्सव का आयोजन किया गया।प्रतिभागियों द्वारा लालगंज में बनाई गई रंगोली ने सबका मनमोह लिया। श्री राम ,लक्ष्मण और सीता की बनाई गई छवि विशेष उल्लेखनीय रही। ऊँचाहार में बच्चों द्वारा बनाये गए श्री राम मंदिर पर केंद्रित चित्र विशेष उल्लेखनीय रहे। इन सभी प्रतियोगिताओं को कोविड के मानकों के अनुसार किया गया। इनमें प्रतिभागियों की संख्या को सीमित रखा गया।

पांडे के अनुसार सभी विजेता प्रतिभागियों की घोषणा के बाद पुरस्कार दिए जायेंगे।इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाणपत्र एक कार्यकर्ता में प्रदान किया जायेगा।इन कार्यक्रमों को आयोजित व सफल बनाने में रायबरेली अध्यक्ष राजेंद्र अवस्थी,सचिव राघवेंद्र द्विवेदी, लालगंज अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह,राहुल वर्मा,ऊंचाहार अध्यक्ष अभिषेक श्रीवास्तव, सचिव विकास श्रीवास्तव,सलोन के अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला, सचिव इन्द्रसेन सहित कई लोगों का प्रमुख योगदान रहा।

बाइक चोर को गिरफ्तार कर भेजा जेल

लालगंज -रायबरेली। कोतवाली पुलिस ने कस्बे के सर्वोदय नगर से बाइक चुराने वाल चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बाइक चोर को जेल भेज दिया है।

करीब दस दिन पूर्व कस्बे के सर्वोदय नगर से चोर ने बाइक संख्या यूपी 33 बीएफ 7672 पार कर दी थी। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी थी। गुरूवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लालगंज-फतेहपुर स्थित दोसड़का बाजार के निकट से चोर को बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया चोर अंकित कुमार सरेनी थाना क्षेत्र के गेंगासो क्रासिंग मजरे मलकेगांव का निवासी है। चोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

युवक को दी जान से मारने की धमकी

लालगंज -रायबरेली। लालगंज-रायबरेली रोड स्थित एक ढ़ाबे में दो पक्षों कहासुनी हो गई। बात इतनी आगे बढ़ गई कि एक पक्ष ने जान से मार डालने की धमकी दी। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

कस्बे के स्टेशन रोड निवासी शानू बाजपेयी ने बताया कि वह ढाबे पर खाना खाने गया था। तभी दीपेमऊ गांव निवासी एक युवक उसे गालियां देने लगा। जब उसने मना किया तो आरोपी ने उसे जान से मार डालने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपी के विरूद्ध पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

501 दीप जलाए

रायबरेली। युवा नेता अभिषेक शुक्ल की अगुवई में रामजन्म भूमि अयोध्या मे भूमिपूजन की घड़ी पर अपने सुल्तानपुर खेड़ा के सभी युवा शक्ति व गांव के सभी बुजुर्गो के संकल्प व सहयोग से बूढ़ेश्वर महादेव व राम मन्दिर मे 501 दीप जलाकर प्रसाद वितरण किया गया।

Back to top button