राम मंदिर को लेकर अपना रुख स्पष्ट करे कांग्रेस : अमित शाह

अलीगढ़। ब्रज क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सपा-बसपा गठबंधन और कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन एक ढकोसला है। इससे डरने की जरूरत नहीं है। आगामी लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी यूपी से 74 सीटें जीतेगी। वहीं कांग्रेस पर हमला करते हुए अमित शाह ने कहा कि उसे राम मंदिर को लेकर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
हमारी सरकार ने एक करोड़ से ज्यादा हेक्टेयर भूमि को मुक्त कराने का काम किया
अमित शाह ने कहा कि हमारी सरकार ने एक करोड़ से ज्यादा हेक्टेयर भूमि को मुक्त कराने का काम किया है। इन जमीनों पर सपा और बसपा की सरकार में अवैध रूप से कब्जा किया गया था। यूपी में भू-माफिया के खिलाफ अभियान चलाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। हाल ही में एक ही तहसील के अंदर से 140 हेक्टेयर जमीन, सपा-बसपा के गुंडों से मुक्त कराई गई है। उन्होंने कहा कि मैं बुआ-बबुआ से कहना चाहता हूं कि तुम सब एक हो जाओ और राहुल बाबा को भी एक कर लो, लेकिन भाजपा की 73 से 74 ही सीटें आने वाली हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि राहुल बाबा को ये तक नहीं पता है कि आलू जमीन के नीचे होता है या फैक्ट्री में होता है और वो किसानों की बात कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें :-एएमयू को मिलता है करोड़ों का अनुदान, इसलिए वह अल्पसंख्यक संस्थान नहीं : योगी
भाजपा चाहती है कि अयोध्या में उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो
अमित शाह ने कहा कि भाजपा चाहती है कि अयोध्या में उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो। कांग्रेस, सपा और बसपा के लिए यही कहना चाहता हूं कि हमारा स्टैंड तो साफ है, लेकिन अगर हिम्मत है तो ये राम मंदिर पर अपना एजेंडा साफ करें। इस दौरान अमित शाह ने सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी सरकार आई है तो दुश्मनों को ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाता है। अपने देश के दुश्मनों को जवाब अब तक सिर्फ दो ही देश देते थे, लेकिन अब तीसरा नाम भारत का हो गया है।
एनआरसी को हटाने के लिए सपा-बसपा-टीएमसी-कांग्रेस सभी ने विरोध किया
एनआरसी को लेकर शाह ने कहा इसे को हटाने के लिए सपा-बसपा-टीएमसी-कांग्रेस सभी ने विरोध किया, क्योंकि देश की सुरक्षा इनके लिए कोई मतलब नहीं रखती है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए खतरा बनें घुसपैठियों का कांग्रेस पार्टी समर्थन समर्थन कर रही है। देश के कोने-कोने से घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम मोदी सरकार करेगी।
ऊपर मोदी और नीचे योगी ये डबल इंजन यूपी को दिन दोगुनी और रात चौगुनी दे रहा है विकास
इस दौरान उन्होंने यूपी के योगी सरकार की भी जमकर तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि हमें कैसा यूपी मिला था? उस वक्त दंगा वाला यूपी था,लेकिन अब दंगा करने वाले यूपी से भागते नजर आ रहे हैं। अब वो काम करने लगे हैं। उन्होंने परिवारवाद से ग्रस्त यूपी दिया था लेकिन हमने जात-पात को हटा कर सबका साथ सबका विकास करने का काम किया। ऊपर मोदी जी और नीचे योगी जी ये डबल इंजन यूपी को दिन दोगुनी और रात चौगुनी विकास दे रहा है।





