राम मंदिर की नींव में ‘टाइम कैप्सूल’ डालने की बात मनगढ़ंत : चम्पत राय

लखनऊ, 28 जुलाई। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव एवं विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चम्पत राय ने राम मंदिर निर्माण के संदर्भ में टाइम कैप्सूल की बात को मनगढ़ंत बताया है।

टाइम कैप्सूल के बारे में मीडिया में आ रही खबरों के बाद चम्पत राय ने मंगलवार को वीडियो संदेश जारी कर कहा कि ये बातें काल्पनिक और मनगढ़ंत हैं। महासचिव राय ने वीडियो संदेश में कहा है, “अलग-अलग स्रोत से समाचार आ रहा है कि 5 अगस्त को भूमि पूजन के दौरान टाइम कैप्सूल रखा जाएगा। यह समाचार गलत है, मनगढ़ंत है। मैं सबसे आग्रह करूंगा कि जब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से कोई अधिकृत वक्तव्य जारी किया जाये तो उसी को सही मानें। इधर-उधर छपने वाली काल्पनिक बातों पर विश्वास न करें।”

उल्लेखनीय है कि मीडिया में खबरें आ रही थी कि मंदिर निर्माण शुरू होने पर नींव में 200 फीट नीचे एक ‘टाइम कैप्सूल’ बनाकर डाला जाएगा ताकि मंदिर का इतिहास संरक्षित रह सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 5 अगस्त को श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन करेंगे।

Back to top button