राजस्थान में मनोहरथाना थाना क्षेत्र में दबिश देने आई MP पुलिस ने कर दी हवाई फायरिंग

राजस्थान में झालावाड़ जिले के मनोहरथाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दबिश देने आई मध्यप्रदेश पुलिस ने हवाई फायरिंग कर दी। इससे एक ग्रामीण घायल हो गया। इस घटना से आक्रोशित हुए ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश पुलिस के आधा दर्जन जवानों को पीटकर मौके से भगा दिया। घायल ग्रामीण को झालावाड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह मध्यप्रदेश के गुना जिले के चांचौड़ा पुलिस थाने की टीम किसी लड़की को भगाने के मामले को लेकर झालावाड़ जिले खानपुरिया गांव में दबिश देने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। इससे गांव में हंगामा हो गया,ग्रामीणों ने पुलिस के जवानों का सामना कर उन्हें पीटकर मौके से भगा दिया। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। हवाई फायरिंग में गोली लगने से ग्रामीण गंगाराम तंवर घायल हो गया। तंवर को मनोहरथाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे झालावाड़ जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

मध्यप्रदेश पुलिस और ग्रामीणों की झड़प की सूचना पर मनोहरथाना से पुलिस जाब्ता और अधिकारी खानपुरिया गांव पहुंचे। पूरे मामले में झालावाड़ के पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी ने मध्य प्रदेश के गुना जिले के पुलिस अधीक्षक से जानकारी ली है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। झालावाड़ के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मध्यप्रदेश पुलिस ने यहां आने से पहले किसी प्रकार का उनसे संपर्क नहीं किया। उन्हे ऐसा करना चाहिए था। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश और झालावाड़ जिले की सीमा आपस में सटी हुई है।

Back to top button