राजस्थान में छापा मारने गई पुलिस पर हमला करने के आरोप में तीन लोग हुए गिरफ्तार

Attack on Police. राजस्थान के अलवर के बहरोड कस्बे में अवैध शराब बनाने वाले ठेके पर छापा मारने गए पुलिस वालों पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। हालात बिगड़े तो थाने से और पुलिसकर्मी भेजे गए। इस मामले में तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया गया है।

जनकारी के अनुसार, बहरोड में अवैध शराब बेचने की शिकायत पुलिस को मिली थी। इस पर यहां के थाने के पुलिसकर्मी वहां छापा मारने गए थे। इसी दौरान शराब तस्कर के परिजनों ने हमला कर पुलिसकर्मियों से मारपीट की। बाद में सूचना पर थाने से अन्य पुलिसकर्मियों को बुला कर हालात काबू में किए गए। पुलिस पर हमला करने के आरोप में जगदीश मीणा, सुभाष मीणा, मदनलाल मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के सभी आरोपितों को गिरफ्त में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि राजस्थान में पुलिस पर हमले की घटनाएं नई नहीं है। बजरी माफिया और पुलिस के बीच अक्सर इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। बजरी माफिया तो कई पुलिस पुलिसकर्मियों पर फायरिंग तक कर चुका है। इसके अलावा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में भी अक्सर पुलिस पर हमले होते हैं।

वहीं, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित मेवाड़ विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले तीन कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट मामले में पुलिस ने चार छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए चारों छात्र बिहार के रहने वाले हैं और मेवाड़ विवि में ही पढ़ते हैं। इस मामले में लापरवाही बरतने के कारण गंगरार पुलिस थाना अधिकारी एलआर विश्नोई को निलंबित कर दिया गया है।

मेवाड़ विवि में कश्मीर, बिहार और पश्चिम बंगाल के छात्र काफी बड़ी संख्या में पढ़ते हैं । यहां कई बार कश्मीरी छात्रों का अन्य छात्रों के साथ विवाद हो चुका है। दो बार कथित रूप से राष्ट्रविरोधी नारे लगाए जाने का मामला सामने आया था, इस मामले में दो छात्रों को हिरासत में लिया गया था। विवि परिसर में बीफ पार्टी करने को लेकर भी विवाद हुआ था। विवि प्रशासन को भी प्रशासनिक मामलों में सतर्कता नहीं बरतने के कारण चित्तौड़गढ़ जिला प्रशासन की तरफ से दो बार हिदायत मिल चुकी है।

Back to top button