राजस्थान में छह साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आया, पुलिस मामले की जांच में जुटी

राजस्थान में कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना इलाके में एक मासूम बच्ची की गला घोटकर हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद बच्ची का शव घर की ही पानी की टंकी में डाल दिया गया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
जानकारी के अनुसार, हत्या की शिकार हुई छह साल की बच्ची गुनिसा कोटा में अपने नाना-नानी के पास रह रही थी। उसके नाना कोटा रेलवे में कर्मचारी हैं। वह यहां एक बहुमंजिला भवन में रहते हैं। मूल रूप से यह परिवार ओडिशा का रहने वाला है। गुनिसा बुधवार रात को करीब 12 बजे घर से लापता हुई बताई जा रही है। रात को परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका था।
गुरुवार को सुबह तलाशी के दौरान गुनिसा का शव घर की छत पर बनी टंकी में पड़ा मिला। उसके गले में कपड़ा बंधा हुआ था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि गला घोंटकर बच्ची की हत्या की गई है। अभी तक हत्या के कारणों और आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





