राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा- चौपट हो रही देश की अर्थ व्यवस्था….

कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस की सरकार गिरने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधा है। गहलोत ने कहा कि पूरा देश इनकी हरकतें देख रहा है, ये लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। अंतिम जीत सत्य की होगी।
गहलोत ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह लंबे अर्से से चल रहा है। पूरा देश देख रहा है। जनता ने पीएम नरेंद्र मोदी को भारी बहुमत दिया। आम जनता को उम्मीद नहीं थी कि जीतने के बाद एनडीए सरकार वाले ऐसी हरकतें करेंगे। सरकारों को गिराने का काम ये कर रहे हैं। ये हॉर्स ट्रेडिंग कर रहे हैं। पैसे के बल पर विधायकों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। गहलोत ने सवाल किया कि तेलंगाना में क्या हुआ। गहलोत ने आरोप लगाया कि गोवा में उन 10 विधायकों को भाजपा में लेकर मंत्री बना दिया, जिन्हें ये माफिया कहते थे। आने वाले वक्त में इनकी पार्टी में विरोध होगा।
गहलोत ने कहा कि जो कुछ हो रहा है, वह जनता के जेहन में बैठ रहा है। यह इन पर भारी पड़ेगा। गहलोत ने कहा कि देश की अर्थ व्यवस्था चौपट हो रही है। युवाओं में आक्रोश है, किसान भयभीत और चिंतित हैं। गहलोत ने मीडिया से बात करने के साथ ही ट्वीट कर कर्नाटक मामले पर भाजपा को घेरा।





