राजस्थान की सभी यूनिवर्सिटीज और कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव के लिए होगा मतदान

राजस्थान की सभी यूनिवर्सिटीज और कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान होगा। सत्तारूढ़ दल कांग्रेस के अग्रिम संगठन एनएसयूआई के प्रत्याशियों को जिताने के लिए सत्ता और संगठन के नेता सक्रिय हो गए हैं।

एनएसयूआई प्रत्याशियों के समर्थन में अशोक गहलोत सरकार में चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, उच्च शिक्षामंत्री भंवर सिंह भाटी, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और विधायक राजकुमार शर्मा सक्रिय हुए हैं। इसके साथ ही जिलों में कांग्रेस के युवा विधायकों ने एनएसयूआई प्रत्याशियों को जीताने की कमान संभाली है। रघु शर्मा और भंवर सिंह भाटी ट्वीट कर के एनएसयूआई प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की। हालांकि विवाद होने पर भाटी ने तो सफाई दी उनका ट्वीटर हैंडल अन्य लोग देख रहे है, उन्होंने गलती से लगा दिया।

सोमवार को डॉ. रघु शर्मा,प्रताप सिंह खाचरियावास और राजकुमार शर्मा ने राजस्थान विवि सहित अन्य प्रमुख यूनिवर्सिटीज के प्रमुख छात्र नेताओं के साथ टेलीफोन से और व्यक्तिगत संपर्क साधा। खाचरियावास के आवास पर प्रमुख छात्र नेताओं की बैठक हुई, जिसमें मंगलवार को होने वाले मतदान की रणनीति बनाई गई। ये तीनों ही नेता पूर्व में राजस्थान विवि छात्र संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं।

भंवर सिंह भाटी ने बीकानेर विवि और कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव की कमान संभाल रखी है। प्रत्याशी चयन से लेकर सोमवार को छात्रों से संपर्क करने तक का काम उनकी देखरेख में हो रहा है। राजस्थान विवि के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता सोमेंद्र शर्मा ने सोमवार को यूनिवर्सिटी में प्रमुख छात्रों से मुलाकात की।

राजस्थान के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्रसंघ चुनाव मंगलवार को होंगे। मतगणना बुधवार को होगी। रविवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। अब छात्र नेता छात्रों से व्यक्तिगत मुलाकातों व सोशल मीडिया के सहारे वोट मांगने में जुट गए हैं।

पिछले 18 दिनों से प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में चुनावी प्रचार-प्रसार का शोरगुल सुनाई दे रहा था। प्रदेश सरकार ने इस साल करीब 20 दिन पहले ही छात्रसंघ चुनाव की घोषणा कर दी थी। सबसे ज्यादा नजर राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनावों पर होती है। इस साल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपने पांच साल के हार के तिलिस्म को तोड़ने की कोशिश में है। कांग्रेस का छात्र संगठन एनएसयूआइ तीन साल से मिली आ रही हार को जीत में बदलने के किए प्रयास कर रहा है। यहां पर निर्दलीय लगातार परचम लहरा रहे हैं।

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से अध्यक्ष पद पर अमित कुमार बड़बड़वाल, महासचिव पद पर अरुण शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर दीपक कुमार वर्मा और संयुक्त सचिव पद पर किरण मीणा मैदान में हैं। एनएसयूआइ की ओर से अध्यक्ष पद पर उत्तम चौधरी, महासचिव पद पर महावीर गुर्जर, उपाध्यक्ष पद पर प्रियंका मीणा और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्मी प्रताप खंगारोत चुनावी मैदान में हैं।

Back to top button