राजधानी में एक 45 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत, कमरे में बिखरा था खून ही खून

राजधानी में एक 45 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। बेटे के घंटों दरवाजा पीटने के बाद भी नहीं खुला तो वह दीवार फांद कर अंदर दाखिल हुआ। कमरे में चारो तरफ खून बिखरा था। सारा सामान अस्‍त-व्‍यस्‍त था। महिला के गले पर गहरे निशान थे। यह देख बेटे की चीख निकल गई, शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। परिवारीजन ने लूट के विरोध में हत्या का शक जताया है। सीओ के मुताबिक प्रथमदृष्टया लूट की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी करीबी ने ही वारदात को अंजाम दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

दीवार फांद कर भीतर दाखिल हुआ बेटा 
मामला गुडंबा के स्वर्ण विहार सीमांत नगर का है। यहां मृतका किरन देवी (45) पति वीरेंद्र सिंह और बेटे अमित के साथ रहती थी। पति वीरेंद्र के मुताबिक, शनिवार को वो बाराबंकी गए थे। मोहल्ले वालों ने फोन कर बताया कि आपके घर में हत्या हो गई है। इसके बाद वह भागते हुए घर पहुंचे। वहीं, वीरेंद्र के बेटे अमित के मुताबिक, शाम को वह अपने दोस्त अभय के साथ फिल्म देखने गया था। वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा भीतर से बंद था। कई बार आवाज देने पर मां ने दरवाजा नहीं खोला। उसने फोन भी किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दीवार फांद कर भीतर दाखिल हुआ। अंदर कमरे का दरवाजा खुला था और भीतर उसकी मां फर्श पर पड़ी थी।
चारों तरफ बिखरा था खून
अमित का कहना है कि उसने मां को जगाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। किरन के गले पर चोट के निशान थे और कमरे में खून भी बिखरा था। यह देख अमित ने शोर मचाया। पड़ोसी घर के भीतर पहुंचे तो देखा कि किरन की मौत हो चुकी है। इंस्पेक्टर गुडंबा रवींद्र नाथ राय और सीओ गाजीपुर ने पुलिस बल के साथ छानबीन की।
सामान भी बिखरा मिला
वीरेंद्र ने लूट की आशंका जताते हुए कहा कि उनकी पत्‍नी के शरीर पर मौजूद जेवर नहीं मिले हैं। आरोप है कि घर का सामान भी बिखरा था और बेड से चादर नीचे लटक रहा था। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किरन ने मौत से पहले हत्यारे से काफी संघर्ष किया था। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत कई दिशाओं में छानबीन कर रही है। हालांकि अभी तक उन्हें कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
अमित के दोस्त से पूछताछ
पुलिस अमित के दोस्त अभय को अपने साथ लेकर थाने पहुंची और उससे पूछताछ की। सीओ गाजीपुर दीपक कुमार सिंह का कहना है कि हत्या में कोई करीबी शामिल है। किरन के घर के सामने एक पालतु कुत्ता रहता है, जो हल्की आहट पर भी शोर मचा देता है। शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।
Back to top button