गाजियाबाद: रंजिश के चलते किया गया 11 साल के मासूम का कत्ल

गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले एक 11 साल के बच्चे का अपहरण के बाद हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. शुक्रवार को पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक अतिक्रमण हटवाने को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते मासूम की हत्या की साजिश रची गई थी. अभी इस घटना में शामिल एक और आरोपी फरार है.
मामले की जानकारी देते हुए एसपी देहात नीरज जादौन ने बताया कि सारा रोड स्थित मानवतापुरी कॉलोनी निवासी संजीव बंसल किराना व्यापारी हैं. बीते 27 अप्रैल जब उनका बेटा आदित्य बंसल (11) कॉलोनी के बच्चों के साथ खेल रहा था. इस दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया था.
मृतक आदित्य बंसल
इस मामले में आदित्य के चाचा वकील मोहित बंसल ने थाने में दो युवकों द्वारा अपहरण किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. परिजन और पुलिस बच्चे की तलाश में जुटे रहे. अपहरण के 15 घंटे बाद यानी अगले दिन सुबह निवाड़ी रोड स्थित शेरपुर मार्ग पर बच्चे का शव एक खेत से पुलिस ने बरामद कर लिया था.
पुलिस ने कई पहलुओं पर इस मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि मृतक के चाचा वकील मोहित बंसल का पड़ोस में ही रहने वाले कृष्णपाल चौधरी से अतिक्रमण को लेकर विवाद हो गया था. विवाद के चलते सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया एक कमरा प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया, जिसे लेकर उनके बीच रंजिश हो गई. जिसके चलते ही कृष्णपाल ने घटना को अंजाम देने के लिए अपने भतीजे आकाश उर्फ गोलू की मदद से एक दिल दहलाने वाली साजिश रची.
प्रेमी के साथ मिलकर ऐसे रची पति की हत्या की साजिश, बेरहमी से मार डाला…
साजिश के तहत मोहित बंसल के भतीजे आदित्य से उसके पिता की दुकान का पता पूछने के बहाने उसे बाइक पर बैठा लिया और आदित्य का अपहरण कर सारा रोड के रास्ते गांव शेरपुर मार्ग के जंगल में ले गए. वहां उसकी कपड़े (गमछे) से गला घोंटकर हत्या कर दी थी.
पुलिस ने हत्याकांड में शामिल निवाडी थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी सुधांशु उर्फ जनरल और उसके साथी आकाश उर्फ गोलू उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर अपहरण में इस्तेमाल बाइक, चप्पलें और गमछा, जिससे मासूम का गला घोंटकर जान ली गई, बरामद कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, मामले में एक और अन्य आरोपी अजय उर्फ दिनेश फरार है. जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इसके अलावा हत्या की साजिश रचने में शामिल सोहनवीर, कृष्णपाल उर्फ डॉक्टर और कृष्णपाल की पत्नी आशा को भी गिरफ्तार लिया गया है.
आरोपियों की प्लानिंग यह भी थी कि बच्चे की हत्या करने के बाद भी फिरौती की रकम मांगी जाएगी, लेकिन किसान की सूचना पर खेत से बच्चे की लाश बरामद करने के बाद उनके मंसूबों पर पानी फिर गया था.





