योगी सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर का दिया तोहफा

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर का तोहफा दिया है. यूपी परिवहन विभाग ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है. यूपी में बीजेपी सरकार आने के बाद से पिछले दो सालों से रक्षाबंधन के दिन महिलाओं के लिए बस सफर मुफ्त होता है.

इस फैसले पर अधिक जानकारी देते हुए परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर ने बताया कि 14 अगस्त की रात 12 बजे से लेकर 15 अगस्त की रात 12 बजे तक सभी रोडवेज बसों में महिला यात्रियों को मुफ्त सेवा दी जाएगी.

उन्होंने ये भी बताया कि रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए 13 से 18 अगस्त के बीच दिल्ली, मेरठ, आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी आदि शहरों में अतिरिक्त बस सेवाएं लगाने जाने के निर्देश दिए गए हैं.

राज्य के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सभी रोडवेज अफसरों को रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष व्यवस्था के लिए तत्काल तैयार रहने का निर्देश दिया है. उन्होंने बसों के साफ-सुथरे करने का भी निर्देश दिया है.

Back to top button