योगी ने नोएडा के DM के बाद CMO को भी हटाया

स्पेशल डेस्क
नोएडा। पूरे देश में लॉकडाउन है लेकिन कोरोना वायरस के मामले रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं। बात अगर उत्तर प्रदेश की जाये तो कोरोना वायरस के चलते दो लोगों की मौत हो गई है। इतना ही नहीं पूरे प्रदेश में 118 लोगों के कोरोना वायरस की चपेट होने की बात कही जा रही है।
कोरोना की चपेट में यूपी के नोएडा में सबसे ज्यादा मरीज है। जानकारी के मुताबिक 118 लोगों में से 48 लोग नोएडा के बताया जा रहे हैं। नोएडा की प्रशासनिक लापरवाही पर योगी सख्त नजर आ रहे हैं। उन्होने सोमवार को वहां का दौरा कर वहां के डीएम को हटा दिया था और अब योगी ने बुधवार और सख्त कदम उठाते हुए वहां के सीएमओ को भी चलता कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक देर रात राज्य सरकार ने जिले के चीफ मेडिकल ऑफिसर (सीएमओ) अनुराग भार्गव को भी हटा दिया है। उनकी जगह एपी चतुर्वेदी को नया सीएमओ बनाया है।
योगी ने नोएडा में बैठक कर जिलाधिकारी को तगड़ी फटकार लगायी थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्य सचिव आर.के. तिवारी को पत्र लिखकर तीन महीने की छुट्टी मांगी थी।
उनका यह पत्र मीडिया में लीक हो गया। इसके बाद वहां पर नये डीएम की तैनाती भी देर शाम कर दी गई थी।





