योगी के मंत्री ने सरकार पर कसा तंज, कहा- पैसे लेकर पुलिस कर रही है हत्याएं

कैबिनेट मंत्री और भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पुलिस पैसे लेकर हत्याएं कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न तो अपराध कम करने में सफल हुए और न ही जनता को सुरक्षा का भरोसा दे पाए। इससे पहले कानून मंत्री बृजेश पाठक ने भी पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के रवैये पर सवाल उठाए थे।
विवेक तिवारी हत्याकांड के बाद सरकार के खिलाफ मुखर होने वाले राजभर दूसरे मंत्री हैं। हरदोई से भाजपा विधायक रजनी तिवारी व बरेली के विधायक राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल भी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर सवालिया निशान लगा चुके हैं।
ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक के बाद एक तीन ट्वीट किए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोला। विवेक तिवारी हत्याकांड को उठाते हुए उन्होंने प्रदेश में हुए विभिन्न एनकाउंटरों की सीबीआई जांच की मांग भी कर दी।





