ये है सेना में शामिल होने का सुनहरा मौका, भुवनेश्वर में पैदल वाहिनी की भर्ती रैली का हो रहा आयोजन…

अगर आप सेना में शामिल होना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। भुवनेश्वर में 14 से 24 अक्टूबर तक 120 पैदल वाहिनी (प्रादेशिक सेना) की भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सात राज्यों के युवा प्रतिभाग कर सकते हैं। उत्तराखंड के लिए 17 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की गई है।
कमांडिंग ऑफिसर 120 पैदल वाहिनी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को समस्त दस्तावेज के साथ सुबह साढ़े चार बजे रिपोर्ट करना होगा। 21 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक सभी अभ्यर्थियों के कागजों की जांच होगी। आरटी जेसीओ के लिए उम्र सीमा 27 से 34 वर्ष और अन्य अभ्यर्थियों के लिए 18 से 42 वर्ष है। लंबाई 160 सेमी होनी चाहिए। आदिवासी अभ्यर्थी के लिए 5 सेमी व सेवारत, सेवानिवृत्त व युद्ध में शहीद सैनिकों के बच्चों के लिए दो सेमी की छूट प्रदान की गई है।
सिपाही जीडी के लिए अभ्यर्थी के दसवीं में न्यूनतम 45 फीसदी व प्रत्येक विषय में 33 प्रतिशत अंक या वह उच्च कक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए। सिपाही क्लर्क के लिए 60 प्रतिशत व प्रत्येक विषय में 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही अभ्यर्थी में कम्प्यूटर व टाइपिंग की योग्यता भी होनी चाहिए। ट्रेडमैन अभ्यर्थी के लिए शैक्षणिक योग्यता दसवीं है, जबकि आरटी जेसीओ के लिए अभ्यर्थी हिंदी या संस्कृत में स्नातक होना चाहिए।
ये दस्तावेज जरूरी
अभ्यर्थी को अपने साथ प्रमाण पत्रों की मूल प्रति व राजपत्रित अधिकारी द्वारा सत्यापित दो प्रतिलिपि ले जाना आवश्यक है। जन्म प्रमाणपत्र, दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र जिसमें जन्म तिथि अंकित हो, निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, विवाहित/अविवाहित का प्रमाण पत्र, 20 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो आदि ले जाना होगा।
किसके कितने पद
सिपाही जीडी-53, सिपाही क्लर्क-02, सिपाही शेफ-02, सिपाही वॉशमैन-02, सिपाही ब्लैक स्मिथ-01, सिपाही इक्युपमेंट रिपेयर-02 व आरटी जेसीओ का एक पद।





