ये पांच खिलाड़ी रहे मैच के मुजरिम, वरना इतिहास रच देती टीम इंडिया

न्यूजीलैंड ने रविवार को रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया को चार रन से हराकर तीन मैचों की टी-20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की। इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 213 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में टीम इंडिया निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 208 रन ही बना सकी और मैच के साथ-साथ सीरीज भी गंवा दी।
इस हार के साथ ही भारत न्यूजीलैंड में पहली बार कोई द्विपक्षीय टी-20 सीरीज जीतने से चूक गया। वरना टीम इंडिया इतिहास रच देती ।
शिखर धवन
न्यूजीलैंड के 212 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी रोहित शर्मा और शिखर धवन की ओपनिंग जोड़ी ने टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत नहीं दिलाई। पहाड़ सा लक्ष्य साधने उतरी किसी भी टीम के लिए शुरुआत कितनी अहम होती है बताने की जरूरत नहीं। धवन के रूप में टीम इंडिया को पहले ही ओवर में करारा झटका लगा। महज 5 रन बनाकर वे पवेलियन लौट गए।
एमएस धोनी
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से इस मुकाबले में टीम को काफी उम्मीदें थी, लेकिन इस मैच में भी उनका बल्ला खामोश ही रहा। वह ज्यादा देर तक विकेट पर टिक नहीं पाए। दुनिया के बेस्ट फिनिशर कहे जाने वाले धोनी इस मैच में केवल दो रन बनाकर आउट हुए।
क्रुणाल पांड्या
क्रुणाल पांड्या ने इस मैच में खूब रन लुटाए। पिछले मैच में तीन विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच रहे पांड्या को चार ओवर में 54 रन देकर एक भी विकेट हासिल नहीं हुआ। हालांकि, उन्होंने बल्लेबाजी में दिनेश कार्तिक का साथ दिया, लेकिन आखिरी ओवर में टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सके। पांड्या 26 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने कार्तिक के साथ मिलकर नाबाद 63 रन की साझेदारी हुई।
भुवनेश्वर कुमार
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने बेहतरीन शुरुआत की। टीम इंडिया के गेंदबाज कीवी बल्लेबाजों के आगे काफी महंगे साबित हुए। स्ट्राइक गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर जल्दी सफलता दिलाने की जिम्मेदारी थी, लेकिन वह नाकाम रहे। पहले सात ओवर्स में भारतीय गेंदबाज एक भी विकेट नहीं निकाल पाए। जिसके बाद आगे आने वाले बल्लेबाजों ने इस शुरुआत का जबरदस्त फायदा उठाया। कुमार ने चार ओवर में 37 रन देकर एक विकेट झटके।
खलील अहमद
टीम इंडिया के उभरते तेज गेंदबाज खलील अहमद ने तीसरे टी-20 में काफी निराश किया। खलील ने इस मैच चार ओवर में 47 रन देकर एक विकेट झटके। वह इस मैच काफी महंगे साबित हुए। इसके अलावा 12.1 ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंद पर कॉलिन मुनरो का आसान सा कैच टपकाया। बाद में मुनरो ने 40 गेंदों में 72 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।





