यूपी सचिवालय : कहीं कोरोना का खौफ़, कहीं कुर्सी पर जबरन कब्जा

लखनऊ। सोमवार का दिन सचिवालय में काफी हंगामेदार रहा। यहां कोरोना के खौफ़ से लेकर कुर्सी पर जबरन कब्जा करने का विवाद हावी रहा। आज सबसे पहले सचिवालय संघ और सीधी भर्ती संघ के प्रतिनिधि अपर मुख्य सचिव हेमंत राव से मिले। उनसे मिलकर चिकित्सा विभाग के कॅरोना संक्रमित 4 कर्मचारियों (चिकित्सा 3+1 चिकित्सा शिक्षा) की व्यथा से अवगत कराया। समीक्षा अधिकारियों की सचिवालय के सभी विभागों में 50 प्रतिशत उपस्थिति के रोस्टर का मसला भी उठाया। रोस्टर व्यवस्था में समूह ख में आने वाले समीक्षा अधिकारी जिनकी संख्या अधिक है, के संबंध में रोस्टर लागू किए जाने की बात की। साथ ही चिकित्सा विभाग को पूरी तरह सेनेटाइज किए जाने तथा वहां कार्यरत कर्मियों की कॅरोना जाँच कराए जाने को कहा। प्रतिनिधियों ने बाहरी कर्मियों का कॅरोना के चलते सचिवालय में प्रवेश रोकने की मांग भी की।

इन सभी बिंदुओं पर ACS ने कहा कि इस संबंध में मेडिकल के ACS से बात करूँगा। अन्य बिंदुओं पर मुख्य सचिव के समक्ष बात रखने का आश्वासन दिया।
इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री भवन में प्रतिनिधि मंडल ने अपर मुख्य सचिव चिकित्सा अमित मोहन प्रसाद तथा चिकित्सा शिक्षा के अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे से मुलाक़ात कर उन्हें भी सचिवालय कर्मियों में कॅरोना को लेकर दहशत से अवगत कराया। दोनों अधिकारियों से भी सचिवालय के समीक्षा अधिकारियों के लिए 50 प्रतिशत रोस्टर लागू करने की बात की साथ ही उनसे कहा गया कि सचिवालय में शत प्रतिशत उपस्तिथि के कारण सोशल डिस्टेंसिंग लागू नहीं हो पा रही है।
यही वजह है कि सचिवालय में दिनोदिन कॅरोना के मामले बढ़ रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने मुख्य सचिव से इस संबंध में बात करने की बात कही। इसी के साथ सचिवालय परिसर में कॅरोना की जांच कराए जाने के बिंदु पर सहमति व्यक्त करते हुए लालबहादुए शास्त्री भवन में 5 बजे से जांच कराए जाने के लिए सीएमओ को आदेश दिए। जिसके क्रम में आज लगभग 200 लोगों ने कॅरोना की जांच कराई। जिसमें 75 लोगों की RTPCR जांच और शेष 125 लोगों की रैंडम जांच की गई । जिसमें 3 लोग कॅरोना संक्रमित पाए गए। समाचार लिखे जाने तक जांच का क्रम चालू रहा।
अभी तक जो जांचे की गई उसमे चिकित्सा शिक्षा के संयुक्त सचिव अनिल कुमार, उप सचिव कुलदीप रस्तोगी और चिकित्सा अनुभाग 6 का संविदा कर्मी आशीष मिश्रा कॅरोना संक्रमित थे। आज जिन कर्मियों का RTPCR टेस्ट हुआ है उनकी कॅरोना रिपोर्ट कल शाम तक आएगी।
प्रतिनिधि मंडल का कहना है कि कॅरोना जांच के लिए सचिवालय के सभी भवनों में कैम्प लगाया जाए।
आज अधिकारियों से मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल में सचिवालय संघ के अध्यक्ष यादवेंद्र मिश्र, राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष शिव गोपाल सिंह सहित सचिवालय संघ उपाध्यक्ष मुदस्सिर हुसेन, सीधी भर्ती संघ के उपाध्यक्ष शशि कान्त शुक्ला, ओंकार नाथ तिवारी, गोपी कृष्ण श्रीवास्तव, मानस मुकुल त्रिपाठी आदि सम्मिलित रहे।
कमरे में घुसे और कुर्सी पर कर लिया कब्जा
सचिवालय सेवा के एक अनु सचिव जो इस समय अल्पसंख्यक आयोग में सचिव हैं, मुसर्रफ हुसैन रिजवी द्वारा अपर मुख्य सचिव सचिवालय प्रशासन के कैम्प कार्यालय से उनके कमरे में घुसकर उनकी कुर्सी पर कब्ज़ा कर लिया गया और उनकी कुर्सी पर बैठ गए। इस बीच जब मुख्य द्वार से हेमंत राव अपने कक्ष में आए तो उन्होंने रिजवी को अपनी कुर्सी पर बैठे पाया। आग बबूला होते हुए उन्होंने जब पूछा कि तुम कौन हो तो रिजवी ने कहा कि मैं सचिवालय प्रशासन का सचिव हूँ। उल्टा उन्ही से पूछा कि आप कौन हो इतना सुनते ही हेमंत राव ने स्टाफ को बुलाकर कमरे से बाहर करवाया और सुरक्षा कर्मियों के बल पर गेस्ट रुम में बंद करवाने के बाद मुख्य सुरक्षा अधिकारी के हवाले कर दिया। अब रिजवी के विरुद्ध कर्मचारी आचरण के खिलाफ कार्यवाही तैयारी की जा रही है। इसके पहले भी रिजवी द्वारा राज संपत्ति अधिकारी से भी इसी प्रकार अभद्रता की जा चुकी है।

Back to top button