यूपी में हुए नौ आईएएस अफसरों के तबादले, इन अफसरों में से कुछ को दी गई नई जिम्मेदारी

यूपी में बृहस्पतिवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नौ आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए गए। इन अफसरों में से कुछ को नई जिम्मेदारी दी गई है तो कुछ अधिकारियों को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ ही नए विभागों की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभी तक डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार के पद पर रहे यशवन्त राव को मुरादाबाद मण्डल का मण्डलायुक्त बनाया गया है। प्रीती शुक्ला जो अभी तक विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग के पद पर थीं को माध्यमिक शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पद पर रहीं डॉ. अनीता भटनागर जैन को अपर मुख्य सचिव, खाद्य एवं औषधि विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा डॉ. प्रशान्त त्रिवेदी को प्रमुख सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य, एवं परिवार कल्याण विभाग के पद पर यथावत रखते हुए प्रमुख सचिव आयुष विभाग के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
इसी तरह अनुराग श्रीवास्तव प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास विभाग, विशेष कार्याधिकारी, नोएडा एवं आयुक्त, ग्राम्य विकास एवं परियोजना निदेशक, समुदाय परियोजना के वर्तमान पद के साथ ही प्रमुख सचिव, पंचायती राज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।





