युवा JDU के लोकल लीडर और उसके भाई को बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली
पटना.बिहार के समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र के वैनी बाजार में मंगलवार देर रात बाइक सवार दो अपराधियों ने युवा जदयू के जिला अध्यक्ष सचिन जायसवाल और उनके भाई सौरव को गोली मार दी। इस घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें समस्तीपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। सचिन की हालत नाजुक है। परिजनों का कहना है कि उसपर एक साल पहले भी हमला किया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते हुई है। सचिन के बड़े भाई की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस केस में सचिन गवाह है। मंगलवार रात को सचिन और सौरव घर पर थे तभी बाइक सवार दो अपराधी पहुंचे और गोली चलाने लगे। सचिन के पेट एवं सीने में गोलियां लगी हैं। वहीं, सौरभ के आंख के पास गोली लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को जुटते देख अपराधी भाग गए।





