युवराज सिंह कनाडा में खेली जा रही ग्लोबल टी-20 लीग में कर रहे तूफानी बल्लेबाजी…

इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके युवराज सिंह कनाडा में खेली जा रही ग्लोबल टी-20 लीग में तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं. 37 साल के य़ुवराज ने शनिवार को कनाडा के ब्रैम्पटन मैदान पर टोरंटो नेशनल्स की ओर से खेलते हुए महज 22 गेंदों में 51 रनों की धमाकेदार पारी खेली.
ब्रैम्पटन वूल्व्स के खिलाफ युवराज के बल्ले से 3 चौके और 5 छक्के निकले. इस मैच में युवराज ने बल्ले के अलावा गेंद से भी कमाल दिखाया और 1 विकेट अपने नाम किया. साथ ही इस ऑलराउंडर ने 2 कैच भी लपके.
ब्रैम्पटन वूल्व्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट पर 222 रन बनाए थे. कप्तान युवराज की अर्धशतकीय पारी के बावजूद टोरंटो नेशनल्स की टीम यह मुकाबला 11 रनों से गंवा बैठी. युवराज की टीम 211/7 रन ही बना पाई.
इससे पहले युवराज ने विनिपेग हॉक्स के खिलाफ 29 जुलाई को 26 गेंदों में 45 रनों की तूफानी पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं मिल पाई थी.





