मौसम विभाग ने आगामी 72 घंटों में राजस्थान के अधिकांश जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी

भारी बारिश से राजस्थान के कई इलाकों में जन जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बारां, टोंक और सीकर जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। यहां निचले इलाकों में बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने सरकारी स्कूलों और धर्मशालाओं में लोगों को सुरक्षित रूप से पहुंचाया है। मौसम विभाग ने आगामी 72 घंटों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि बारिश होने से किसानों के चेहरों पर जरूर चमक नजर आई है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हुई।
झुझुनू जिले में एक बांध टूटने से पानी राज्य राजमार्ग संख्या-37 पर आ गया। इस कारण यातायात दिनभर जाम रहा। यहां पानी के तेज बहाव में एक बोलेरो जीप बह गई, हालांकि इसमें सवार दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सीकर में गुरुवार तक करीब 300 एमएम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, बारां जिले के शाहबाद में 600 एमएम, अटरू में 340 एमएम, किशनगंज 325 एमएम में बारिश हुई है। टोंक में गुरुवार शाम से शुक्रवार दोपहर तक हुई तेज बारिश के कारण हालात बिगड़ गए। यहां चारों तरफ पानी भर गया। टोंक के कोतवाली पुलिस थाने में पानी भर गया।
यहां सड़कें बन गईं दरिया
बारिश के कारण जयपुर में प्रशासन के उन दावों की पोल खुल गई, जिनमें बरसात से निपटने के पूरे इंतजाम करने की बात कही गई थी। हाल ही यूनेस्को की लिस्ट में शामिल किए गए जयपुर के परकोटे में हालात बदतर नजर आए। यहां सड़कें दरिया बन गईं। वहीं, कई जगहों पर सड़कें उधड़ गईं जिससे वाहन चालकों को परेशानी आई। मानसरोवर में कुछ जगहों पर बरसात का पानी घरों में घुस गया। विधाधर नगर में एक कच्चा घर गिरने से दो महिलाएं दब गईं। हालांकि उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यहां एक अंडरपास में पानी के तेज बहाव में कार बह गई। इसमें सवार पांच लोगों को ट्रैक्टर की सहायता से बाहर निकाला गया।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने जयपुर, टोंक, बारां, हनुमानगढ़, पाली, अलवर, कोटा, झालावाड़, राजसमंद, सीकर, झुझुनूं, सवाईमाधोपुर, नागौर और चूरू जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
आपदा राहत मंत्री बोले, सभी तरह के इंतजाम
राज्य के आपदा राहत मंत्री भंवरलाल मेघवाल ने शुक्रवार को कहा कि सभी जिला कलेक्टरों को आपदा से निपटने के लिए तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सभी तरह के इंतजाम किए हैं।





