मोदी सरकार में मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति कुंभ मेले में बनेंगी महामंडलेश्वर

केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी की महामंडलेश्वर बनेंगी। अखाड़े की छावनी में ‘चादरविधि’ के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी सौंपी जाएगी। पुरोहितों की ओर से स्वस्ति वाचन से श्रीशुद्धि के बाद उनका पट्टाभिषेक किया जाएगा।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और निरंजनी के अष्टकौशल महंत नरेंद्र गिरि महाराज के मुताबिक साध्वी निरंजन ज्योति का पट्टाभिषेक समारोह, अखाड़े के मेला क्षेत्र छावनी प्रवेश लेकिन मकर संक्रांति के शाही स्नान से पहले ही किया जाएगा। वहीं ‘अमर उजाला’ से बातचीत में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने भी कहा, संतों का प्यार है।’ इसी तरह राजनीति और अध्यात्म के बीच ‘कैसे रहेगा तालमेल’ के सवाल पर बोलीं, ‘जैसे अब तक चल रहा है।’ फिलहाल अखाड़े की ओर से छावनी में पट्टाभिषेक समारोह की तैयारियां की जा रही हैं।
अखाड़े की सोलहवीं महिला महामंडलेश्वर होंगी निरंजन ज्योती
अभिषेक के बाद साध्वी निरंजन ज्योति निरंजनी अखाड़े की सोलहवीं महिला महामंडलेश्वर बन जाएंगी। बीते कुंभ पर्व में भी पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने महिला संत स्वामी निर्भयानंद पुरी को महामंडलेश्वर की पदवी सौंपी थी। अब तक निरंजनी में संतोषी गिरि, संतोषानंद सरस्वती, मां अमृतामयी, योग शक्ति सहित 15 महिला महामंडलेश्वर शामिल हैं।





