मोदी सरकार के 12 साल पर राजस्थान के सरकारी मंदिरों में महाआरती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजस्थान में बुधवार को बड़े स्तर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत प्रदेशभर के प्रमुख देवस्थान विभाग के मंदिरों में महाआरती और विशेष पूजा-अर्चना होगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर के मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में महाआरती में शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकसित भारत के संकल्प के लिए प्रार्थना करेंगे। वहीं सभी जिलों में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा जनप्रतिनिधि प्रमुख मंदिरों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
सरकार और भाजपा का दावा है कि यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। इसके माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को जन आंदोलन का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
धौलपुर, कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, पाली, बूंदी, टोंक, भरतपुर, बीकानेर, बाड़मेर, अलवर और अन्य जिलों के प्रमुख मंदिरों में भी सामूहिक महाआरती और विशेष पूजा-अर्चना आयोजित होगी, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल रहेंगे।
प्रदेश में 5 से 21 जून तक चल रहे इस विशेष अभियान के दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, साइकिल रैली, जनसुनवाई, चौपाल, योग कार्यक्रम और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न आयोजन भी किए जा रहे हैं। भाजपा इसे विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास बता रही है।





