मोदी सरकार अब मवेशियों को भी बनाने जा रही फिट इंडिया का हिस्सा…

मोदी सरकार इंसानों के बाद अब मवेशियों को भी फिट इंडिया का हिस्सा बनाने जा रही है। देश भर के मवेशियों को मुंहपका, खुरपका बीमारी से मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलेगा। इसकी शुरुआत 11 सितंबर को पीएम मोदी मथुरा से करेंगे। विकास नगर के ढकरानी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में पशुपालकों को अभियान के उद्घाटन का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।

पशु चिकित्सा विभाग के मुताबिक गाय, भैंस, भेड़, बकरी, सुअर में मुंहपका और खुरपका की बीमारी होती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक हर साल इस बीमारी से प्रदेश में करीब 400-500 व देश में करीब 57 करोड़ पशु इस बीमारी की चपेट में आते हैं। इस बीमारी से पशुओं की दूध उत्पादकता में भी गिरावट होती है। यह संक्रामक बीमारी होती है। इस वजह से देश में बने दूध से निर्मित उत्पादों और मीट की मांग विदेशों खासकर यूरोपियन देशों में नहीं होती है। केंद्र ने भारत को मुंहपका खुरपका बीमारी से मुक्त राष्ट्र बनाने की कवायद शुरू कर दी है। 2025 तक इस लक्ष्य को पूरा किया जाना है। इधर राजधानी देहरादून में भी तैयारियां शुरू हो गई है। विकास नगर के ढकरानी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में पशुपालकों को अभियान के उद्घाटन का सीधा प्रसारण दिखाने के साथ ही पशुओं में मुंहपका खुरपका बीमारी का टीकाकरण भी होगा। पशु चिकित्सा विभाग ने इस बाबत दो डॉक्टर, फार्मासिस्ट, सहायक की एक टीम बनाई है।

कृत्रिम गर्भाधान की भी होगी शुरुआत

कृषि कल्याण केंद्र योजना के अंतर्गत दुधारु पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान योजना का उद्घाटन भी 11 सितंबर को होगा। इसको लेकर पशु चिकित्सा विभाग ने एक अलग टीम बनाई है जो गाय, भैंस का कृत्रिम गर्भाधान करेंगी।

डॉ. एसबी पांडे (मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, देहरादून) का कहना है कि 11 सितंबर को पीएम मोदी के अभियान का उद्घाटन करेंगे। जिसका सीधा प्रसारण पशुपालकों को दिखाया जाएगा। इस मौके पर एफएमटीडी वैक्सीनेशन और मुफ्त कृत्रिम गर्भाधारण योजना भी शुरू होगी।

Back to top button