विराट बोले :मैं एबी डी’विलियर्स के सम्मान में झुक गया

बेंगलुरु। गुजरात लायंस को आईपीएल-9 के पहले क्वालिफायर में मंगलवार को चार विकेट से हराने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि डी’विलियर्स के लिए बहुत खुश हूं।
मैच के बाद विराट ने कहा, ‘मुझे विश्वास नहीं होता कि यहां एक विजयी कप्तान के रूप में खड़ा हूं। इससे वह बहस खत्म हो गई कि हम दोनों में से महान कौन हैं। मैं एबी के सम्मान में झुक गया। दबाव में उन्होंने शानदार पारियों में से एक खेली। उनके लिए बहुत खुश हूं। हम अच्छी क्रिकेट खेलकर प्लेऑफ में पहुंचे।’
मैच के बारे में बात करते हुए विराट ने कहा, ‘हमारा शीर्षक्रम प्रदर्शन नहीं कर पाया। मैं देख पा रहा था कि विरोधी टीम एबी को लेकर चिंतित है। इस जीत का श्रेय अब्दुल्ला को भी जाता है। युवा लड़के ने धैर्य के साथ खेला। गेंद शुरुआत में रुककर आ रही थी, लेकिन दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो गई थी।’
फाइनल में पहुंचने की उत्सुकता बयान करते हुए कोहली ने कहा, ‘हमारे लिए इससे बढि़या स्क्रीप्ट वाली कहानी नहीं हो सकती। बेंगलुरु में ही प्लेऑफ और फिर फाइनल। यह जीत बेंगलुरु वासियों को समर्पित है।’





