मूर्ति विसर्जन के लिए दिल्ली में कई मार्गों पर हुआ डायवर्जन

नवरात्र खत्म होने के बाद आज (शुक्रवार) को दिल्ली में जगह-जगह मां दुर्गा का मूर्ति विसर्जन होगा। इसे लेकर दिल्ली पुलिस ने मूर्ति विसर्जन का समय तय कर दिया है। मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कुछ जगहों पर मार्ग डायवर्जन भी किया हुआ है। ऐसे में घर से बाहर निकल रहे हैं तो बेहतर होगा पहले से ही वैकल्पिक मार्गों की जानकारी कर लें। इससे आपको जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।

दिल्ली पुलिस ने मूर्ति विसर्जन का समय सुबह 11 बजे से निर्धारित किया है। इस दौरान उत्तरी जिला के यमुना बाजार स्थित यमुना घाट, वजीराबाद के यमुना घाट, चंदगी राम अखाड़े के पास यमुना घाट, कुदसिया घाट व गीता घाट, मध्य जिला अंतर्गत आइटीओ का यमुना घाट (हाथी घाट), दक्षिणी पूर्वी जिला अंतर्गत कालिंदी कुंज के यमुना घाट, पूर्वी जिला अंतर्गत गीता कॉलोनी व मयूर विहार के यमुना घाट पर मूर्ति विसर्जन किया जाएगा।

यहां रहेगा डायवर्जन

इस दौरान दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक मंदिर मार्ग, पंचकुईया रोड, कनॉट प्लेस आउटर सर्कल, मिंटो रोड, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, चितरंजन पार्क, आउटर रिंग रोड (चिराग दिल्ली फ्लाई ओवर से मथुरा रोड तक), मां आनंदमयी मार्ग व नेहरू प्लेस पर डायवर्जन रहेगा। इसके अलावा दोपहर दो बजे से रात 11 बजे तक रिंग रोड/आउटर रिंग रोड, राजघाट से बुराड़ी तक वाया आइएसबीटी, मजनू का टीला, बुलवर्ड रोड, वजीरादबाद रोड और विकास मार्ग पर वजीराबाद पुल व यमुना पुल पर डायवर्जन रहेगा। दोपहर तीन बजे से रात आठ बजे तक पुश्ता रोड गांधी नगर, पुश्ता रोड खजूरी, पुश्ता रोड सोनिया विहार, मथुरा रोड, जीडी बिरला मार्ग पर डायवर्जन रहेगा।

दशहरे के मद्देनजर यहां भी रहेगा डायवर्जन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नेताजी सुभाष मार्ग, निषाद राज मार्ग (न्यू दरियागंज रोड), जवाहर लाल नेहरू मार्ग और तुर्कमान गेट पर शाम पांच बजे के बाद डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। भीड़ को देखते हुए डायवर्जन के समय में परिवर्तन किया जा सकता है।

रेलवे स्टेशन जाने वाले पहले निकलें

ट्रैफिक ने एडवायजरी जारी की है कि जिन लोगों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, आइएसबीटी या निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाना है, वह अपने नियम समय से थोड़ा जल्दी निकलें। उन्हें रास्ते में जाम का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि यातायात सुचारू रखने के लिए सभी जगह पर दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। बावजूद यातायात धीमा रहेगा।

Back to top button