मुस्लिम महिला ने ली BJP की सदस्यता, ये बात पता लगने पर मकान मालिक ने घर छोड़ने को कहा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) इन दिनों सदस्यता अभियान चला रही है. सेलेब्रिटी से लेकर आम आदमी तक बीजेपी हर किसी को पार्टी ज्वाइन करवा रही है. इस बीच उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक ऐसी खबर सामने आई है, जो चौंकाती है. यहां एक मुस्लिम महिला के बीजेपी ज्वाइन करने के बाद उसके मकान मालिकों ने उसे घर खाली करने को कहा. ये मामला थाने तक पहुंच गया है और पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है.

रविवार को अलीगढ़ निवासी गुलिस्ताना ने आरोप लगाया कि शनिवार को उसने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली है. लेकिन, जब उनके मकान मालिक को ये बात पता लगी तो उन्होंने उसे तुरंत ही घर खाली करने को कहा दिया. गुलिस्ताना ने आरोप लगाया है कि मकान मालिक ने उनके साथ बदतमीजी भी की.

वहीं, इस मामले में अलीगढ़ के SSP आकाश कुलहारी का कहना है कि इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है.

SSP के मुताबिक, शुरुआती जांच में ये सामने आ रहा है कि मकान मालिक ने गुलिस्ताना से बिजली के बिल के 4000 रुपये मांगे थे. जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, बीच में ही बहस उसके बीजेपी ज्वाइन करने को लेकर भी तीखी बहस छिड़ गई. जिसके बाद अब शिकायत दर्ज कर ली गई है.

गौरतलब है कि 6 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर सदस्यता अभियान शुरू किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अभियान की शुरुआत की और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में ये आगे बढ़ रहा है. रविवार को हरियाणा की मशहूर डांसर सपना चौधरी ने भी इसी अभियान के तहत बीजेपी ज्वाइन की है.

Back to top button