बिहारः मुजफ्फरपुर मे 2.75 करोड़ रुपये का चरस बरामद, ट्रक के साथ 2 गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र से बुधवार को खुफिया राजस्व निदेशालय (डीआरआई) ने चरस की बड़ी खेप पकड़ी है. डीआरआई की टीम ने एक ट्रक से 109 किलोग्राम चरस बरामद किया. जबकि ट्रक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस इस मामले में तस्करों से पूछताछ कर रही है. 

डीआरआई की टीम और मुजफ्फरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने चरस की बरामदगी के लिए छापेमारी की थी. उन्हें सूचना मिली थी कि मुजफ्फरपुर से चरस की खेप गुजरने वाली है. जिसके बाद तस्करों का घात लगा कर बैठे पुलिस और डीआरआई की टीम को ट्रक पकड़ने में सफलता मिली. 

गिरफ्तार तस्करों से डीआरआई और पुलिस ने जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उक्त चरस नेपाल के काठमांडू से पटना ले जाई जा रही थी. वहीं, आशंका जताई जा रही है कि इस तरह के खेप पड़ोसी राज्य यूपी भी भेजे जाते हैं.

डीआरआई के एक अधिकारी ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर साहेबगंज बाजार में एक ट्रक को रोक कर तलाशी ली गई, जिसमें बने एक तहखाने से 109 किलोग्राम चरस बरामद की गई. 

पुलिस ने जो चरस बरामद किए हैं उनकी कीमत करोड़ों रुपये हैं. बरामद चरस की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 2.75 करोड़ रुपये आंकी गई है. 

अधिकारी ने कहा कि इस मामले में ट्रक में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. मामले में अधिकारी तस्करों से पूछताछ के दौरान गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.

Back to top button