मुंबई में जमकर बरस रहा मानसून: दिल्ली-यूपी समेत 17 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट

देश के वित्तीय केंद्र मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है, जिसके कारण पिछले 24 घंटों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। मुंबई की सड़कों पर पानी भरने से यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई है।
इसी बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने एक राष्ट्रव्यापी मौसम बुलेटिन जारी कर देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत 17 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का ‘ऑरेंज और येलो अलर्ट’ जारी किया है।
देर से आए मानसून ने देश की आर्थिक राजधानी को पानी-पानी कर दिया। शहर के कुछ हिस्सों में सुबह आठ बजे तक 24 घंटों के दौरान 300 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। मंगलवार से शुरू हुई भारी बरसात ने बुधवार को मुंबई और उसके उपनगरों की रफ्तार धीमी कर दी।
सामान्य रूप से चहल-पहल भरी जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई, सड़क और रेल यातायात बाधित हो गया और निचले इलाकों में पानी भर गया। भीषण सूखे से कराह रहे मराठवाड़ा में भी मंगलवार से मानसून ने दस्तक दे दी है। प्याज मंडी के रूप में मशहूर नासिक के लासलगांव से लेकर कपास उत्पादक क्षेत्र बुलढाणा एवं जालना में हुई अच्छी वर्षा ने किसानों को राहत दी है।
दिल्ली-एनसीआर और यूपी में छाए रहेंगे बादल, आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में अगले 48 घंटों के भीतर तेज ठंडी हवाओं (40-50 किमी/घंटा) और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भी मानसून की दस्तक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह प्री-मानसून और मानसूनी हवाओं का संयुक्त असर है, जिससे भीषण गर्मी और उमस झेल रहे उत्तर भारत के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
इन 17 राज्यों के लिए जारी हुआ अलर्ट
आईएमडी ने जिन 17 राज्यों में आगामी 3 से 4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर भारत: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान।
पश्चिम और मध्य भारत: महाराष्ट्र (मुंबई और कोंकण), मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और मेघालय।
दक्षिण भारत: केरल, कर्नाटक (तटीय क्षेत्र) और गोवा।
अरुणाचल में भारी बारिश से बाढ़, एक की मौत
प्रेट्र के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के केयी पैन्योर जिले में लगातार बारिश के कारण बुधवार को बाढ़ आ गई, जिससे विवेकानंद केंद्र विद्यालय की शिक्षिका निर्मला गुप्ता की मौत हो गई। चार लोग लापता हो गए और 17 अन्य घायल हो गए। निचले इलाकों में पानी भरने से कम से कम 18 मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
भूस्खलन के कारण सड़क संपर्क बाधित होने से कई यात्री फंसे हुए है। लापता लोगों की पहचान एलेश मारक, बलारी मारक, ताओ अंजीना और सौरव कुमार के रूप में की गई है। बचाव कर्मियों ने जियोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया के एक विज्ञानी को राष्ट्रीय राजमार्ग 13 से बचा लिया।





