मुंबई में क्वारंटीन किए गए आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी मुक्त

मुंबई। मुंबई में क्वारंटीन किए गए विहार के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी क्वारंटीन से मुक्त हो गए हैं। विनय तिवारी को उस समय क्वारंटीन किया गया था, जब वो सुशांत केस को लेकर मुंबई में जांच कर रही बिहार पुलिस टीम का नेतृत्व करने के लिए पहुंचे थे। बीएमसी ने उन्हें 14 दिनों के लिए क्वारंटीन कर दिया था। इसे लेकर महाराष्ट्र से बिहार तक काफी हंगामा हो रहा था। पटना सिटी के एसपी विनय तिवारी के क्वारंटीन को लेकर बिहार पुलिस की ओर से मुंबई पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे।
उल्लेखनीय है कि बिहार पुलिस ने मुंबई पुलिस पर जांच में सहयोग नहीं करने का भी आरोप लगाया था। विनय तिवारी ने भी कहा था कि उनके क्वारंटीन किए जाने से जांच प्रभावित होगी। एक दिन पहले बिहार पुलिस के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने अभिनेता सुशांत की मौत मामले की जांच के लिए मुंबई गए प्रदेश के एक आईपीएस अधिकारी को नहीं छोड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। डीजीपी ने पत्र लिखकर उनके ठहरने के लिए आईपीएस मेस व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया था। इसके बावजूद उन्हें जबरन क्वारंटीन किया गया। फिलहाल मुंबई में क्वारंटीन किए गए आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को क्वारंटीन से मुक्त कर दिया गया है।
इस बीच एक सप्ताह से अधिक समय से मुंबई में डेरा डाले पटना पुलिस की चार सदस्यीय टीम शुक्रवार को वापस लौट आई। इस टीम का नेतृत्व करने के लिए पटना सिटी एसपी विनय तिवारी मुंबई पहुंचे थे, जिन्हें क्वारंटीन कर लिया गया था। सुशांत सिंह राजपूत गत 14 जून को अपने बांद्रा आवास के अंदर मृत पाए गए थे। सुशांत के पिता केके सिंह ने एक प्राथमिकी दर्ज कराकर अभनेत्री रिया चक्रवर्ती के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। केके सिंह के अनुरोध पर ही बिहार सरकार ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार लिया है।





