मिस्र के राष्ट्रपति का अजीब फरमान, मार्च तक एक रंग की हों सब इमारतें नहीं तो मिलेगी सजा

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी ने एक अजीबो-गरीब फरमान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि राजधानी काहिरा की सारी बिल्डिंग्स मार्च तक मटमैली रंग में रंग जानी चाहिए। इसके अलावा जहां नदी नजदीक लगती है, वहां की बिल्डिंग्स नीले रंग की होनी चाहिए। गौरतलब है कि काहिरा शहर नील नदी के किनारे बसा है। इसका एक हिस्सा नदी के किनारे पड़ता है।

राष्ट्रपति ने ये भी कहा है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारियों और मकान मालिकों कार्रवाई का सामना करना होगा। इतना ही नहीं लोगों को इसके लिए सरकार की ओर से कोई आर्थिक सहायता भी नहीं मिलेगी, यह लोगों को खुद के ही खर्च पर करना होगा।
राष्ट्रपति के इस आदेश के बाद काहिरा में लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। लोग अपने घरों और इमारतों को रंगने में जुट गए हैं। राष्ट्रपति अब्देल फतह का मानना है कि काहिरा में एक कलर की इमारतें होने से शहर में एकरूपता आएगी। इससे शहर की बनावट एक जैसी लगेगी और एक अलग पहचान बनेगी। अभी ये इमारतें बहुत ही बेतरतीब दिखाई दे रही हैं।
राष्ट्रपति की बातों का प्रधानमंत्री मोस्तफा मेडबोली ने भी समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सभी इमारतों का रंग एक जैसा होना चाहिए, अगर ऐसा नहीं होता है तो इमारतों के मालिक को सजा जरूर दी जाएगी।

Back to top button