मिशन 2019: चुनावी उठा-पटक की बिछने लगी बिसात, BSP में शामिल हो सकते हैं ये दिग्गज

आगामी लोकसभा को लेकर राजनीतिक पार्टियों में उठा-पटक की बिसात बिछनी शुरू हो गई है। हर एक पार्टी अपनी तैयारियों में जोर-शोर से लगी हैं। वहीं साल 2019 चुनाव के नजदीक आते ही दल बदलने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। यानी हर पार्टी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अपने पैंतरे आजमाने में लगी है। 

अगर सियासी नजरिए से देखें तो इन दिनों दल बदलने वाले नेताओं के लिए बसपा पहली पसंद बन रही है। वहीं बीजेपी ने भी कैराना में मिली हार से सबक लेकर आगामी चुनाव में अपनी पार्टी की जीत को लेकर कवायद शुरू कर दी है। ऐसे में चर्चाएं यह भी हैं कि बीजेपी सहित पश्चिमी यूपी के कई दिग्ग्ज नेता बसपा में शामिल हो सकते हैं।

जिस तरह सपा-बसपा के गठबंधन में यूपी के बिजनौर से सपा की पूर्व विधायक ने बसपा का दामन थाम लिया है वहीं बिजनौर लोकसभा से उनका चुनाव लड़ना पक्का माना जा रहा है। उधर एक हजार समर्थकों ने भी बसपा में शामिल होने की बात कही है। 
बसपा सूत्रों के अनुसार, रुचिवीरा के बाद कुछ और बड़े नेताओं तक भी बसपा अपनी पहुंच बना रही है। चर्चाएं तो यहां तक भी हैं कि तकरीबन दो दर्जन से भी ज्यादा नेताओं से बसपा हाईकमान संपर्क साधे हुए हैं। कहा जा रहा है कि नए साल के मौके पर कई बड़े नेता बसपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।
गौरतलब है कि बसपा 2009 के लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। इस चुनाव में बसपा ने 27.20 प्रतिशत वोट हासिल किए थे जो सबसे अधिक थे। इस चुनाव में बसपा को बीस सीटों पर जीत हासिल हुई थी। जाहिर है ‘बुआ और बबुआ’ आगामी चुनाव में बाजी पलट सकते हैं। 
वहीं इस नजरिए का दूसरा पहलू यह भी है कि सपा बसपा गठबंधन के बाद जो दिग्गज पार्टी में अदला बदली करना चाह रहे थे उनके अरमानों पर पानी फिर गया है। दुसरी तरफ अन्य दलों के नेताओं के लिए यह राह आसान हुई है यानी अब यदि वे चाहेंगे तो सपा बसपा के झंझट से बचकर उनके पास सीधे बसपा में शामिल होने का विकल्प बचा रहेगा। 
Back to top button