मियामी फाइनल में पहुंचे जोकोविच, अगासी के रिकॉर्ड पर होगी नजर

Untitled4-1444575287एजेन्सी/मियामी।

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने बेल्जियम के डेविड गोफिन को हराने के साथ ही मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है जहां वह छठी बार खिताब के दावेदार हैं।

शीर्ष वरीय जोकोविच ने सेमीफाइनल में गोफिन को 7-6, 6-4 से हराकर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है जहां उनका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस या जापान के केई निशिकोरी के बीच होने वाले सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

बिसकेन में छह वर्षों में जोकोविच पांचवीं बार खिताब के लिए उतर रहे हैं। नंबर एक खिलाड़ी को मैच में हालांकि कुछ मुश्किलें हुई और मुकाबला दो घंटे से अधिक तक चला। आस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन ने इसके साथ ही अपने इस वर्ष के जीत और हार के रिकार्ड को 27-1 कर दिया है।

28 वर्षीय जोकोविच यदि छठी बार खिताब जीत जाते हैं तो वह आंद्रे अगासी के छह बार इस खिताब को जीतने के रिकार्ड की बराबरी कर लेंगे और इससे उन्हें 28वां एटीपी वर्ल्ड टूर मास्टर्स 1000 खिताब भी मिल जाएगा।

सर्बियाई खिलाड़ी ने कहा कि यहां बहुत हवा और उमस थी तथा बहुत गर्मी भी थी। लेकिन ऐसी परिस्थितियों में जीतना खास है और मुझे इस पर गर्व है। जोकोविच इस वर्ष अभी तक फरवरी में एक बार हारे हैं। वह दुबई ओपन में स्पेन के फेलिसियानो लोपेज के खिलाफ मैच के दौरान आंख में संक्रमण के कारण मैच से हटे थे।

सर्बियाई खिलाड़ी ने गोफिन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी सर्विस सुधारी है। मुझे उसे समझने में मुश्किल हुई। उनके खिलाफ मैच कठिन था। जोकोविच रविवार को क्रैंडन पार्क में होने वाले खिताबी मुकाबले में उतरेंगे। वह वर्ष 2007, 2011, 2012, 2014 और फिर 2015 में यहां चैंपियन रहे हैं।

इस मैच में हारने वाले 25 वर्षीय गोफिन को हालांकि रैंकिंग में फायदा हुआ है और वह 13वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हैं।

Back to top button